गुजरात के साणंद में कुछ उद्योगों में काम शुरू हो गया है : गृह मंत्रालय
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दो टीमें गुजरात में अहमदाबाद और सूरत भेजी गयी थीं।
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल गृह मंत्रालय की एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि अहमदाबाद भेजी गयी अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने पाया है कि अहमदाबाद के साणंद औद्योगिक क्षेत्र में वाहन उद्योगों ने फिर से काम करना शुरू कर दिया है और 50 प्रतिशत क्षमता के साथ वहां काम हो रहा है ।
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दो टीमें गुजरात में अहमदाबाद और सूरत भेजी गयी थीं।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में गयी इन टीमों में लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारी थे।
श्रीवास्तव ने रिपोर्ट का विवरण देते हुए कहा कि अहमदाबाद गयी टीम ने पाया कि साणंद औद्योगिक क्षेत्र में दवा उद्योग में काम हो रहा है ।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वाहन औद्योगिक इकाइयों ने भी काम शुरू कर दिया है और 50 प्रतिशत क्षमता के साथ काम हो रहा है ।
उन्होंने टीम के विवरण का हवाला देते हुए कहा कि कुल 50,000 श्रमिकों में से करीब 30,000 श्रमिक काम पर लौट चुके हैं।
सूरत का ब्योरा देते हुए उन्होंने कहा कि टीम ने बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले वस्त्र और हीरा उद्योगों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत की ।
श्रीवास्तव ने कहा कि अधिकतर मजदूरों को पिछले महीने का वेतन मिल गया है ।
उन्होंने कहा कि केंद्र की एक टीम ने सूरत के प्रशासन को भी भविष्य के लिए योजनाएं तैयार करने को कहा है।
अहमदाबाद भेजी गयी अंतर मंत्रालयी टीम के बारे में उन्होंने बताया कि टीम के सदस्यों ने पाया कि प्रशासन के पास मरीजों को कोविड-19 समर्पित अस्पतालों में भेजने के लिए पर्याप्त क्षमता है । करीब 20 मरीजों को इन अस्पतालों में भेजा गया है ।
मरीजों के परिजनों के जवाब के आधार पर टीम ने पाया कि अहमदाबाद में अस्पताल की सुविधाएं संतोषजनक हैं और चिकित्सा दल भी संयुक्त रूप से निगरानी में मदद कर रहा है ।
केंद्रीय टीम ने अहमदाबाद में काठवाडा और नरोदा आश्रय स्थलों का दौरा किया, जहां सुझाव दिया गया कि सामाजिक दूरी के मानदंड के पालन के लिए श्रमिकों को 33 आश्रय स्थलों में ठहरने के लिए भेजा जा सकता है। पाया गया कि आश्रय स्थल में समुचित सुविधाएं हैं ।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में टीम ने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार की मदद से सरदार पटेल अस्पताल में बहु विषयक अनुसंधान इकाई की स्थापना की जा सकती है। यहां कोविड-19 परीक्षा की सुविधा भी खोली जा सकती है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

