देश की खबरें | महिलाओं को अपनी असली क्षमता सामने लाने के लिये अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जाएगा: उपराज्यपाल सिन्हा

जम्मू, आठ मार्च जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण और उन्हें अपनी वास्तविक क्षमताओं को सामने लाने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

पद्मश्री पद्मा सचदेव राजकीय महिला महाविद्यालय तथा ‘बुद्ध आर्ट एंड पेंटिंग’ द्वारा यहां आयोजित ‘सशक्त नारी सम्मान’ कार्यक्रम में अपने संबोधन उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तीकरण अब देश में एक जन आंदोलन बन गया है।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास का एक नया युग शुरू हुआ है। आज हमारी नारी शक्ति अपनी सफलता की गाथाएं खुद लिख रही हैं और जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बन गई हैं।’’

उन्होंने कलाकारों, शिल्पकारों, गैर सरकारी संगठनों, शिक्षकों, उद्यमियों और विभिन्न पक्षों से महिला सशक्तीकरण के लिए सामूहिक रूप से काम करने एवं यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि नारी शक्ति को समर्पित सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे।

सिन्हा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने सफल महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)