एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | झारखंड में चार आदिवासी लोकसभा सीट पर निर्णायक भूमिका निभाएंगी महिला मतदाता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में चार लोकसभा सीट पर महिला मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगी क्योंकि वहां मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।

देश की खबरें | झारखंड में चार आदिवासी लोकसभा सीट पर निर्णायक भूमिका निभाएंगी महिला मतदाता

रांची, 23 मार्च झारखंड में चार लोकसभा सीट पर महिला मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगी क्योंकि वहां मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।

जिन चार लोकसभा सीट पर महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा हैं, उनमें राजमहल, सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा शामिल हैं। ये सभी अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट हैं।

सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा में 13 मई को मतदान होगा जबकि राजमहल में एक जून को मतदान होगा।

झारखंड में लोकसभा की 14 सीट हैं।

राजनीतिक दल मुख्यत: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) गठबंधन के साझेदारों ने लोकसभा चुनाव में महिला मतदाताओं का समर्थन जुटाने के लिए रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है।

झारखंड की मतदाता सूची के अनुसार, राज्य में खूंटी लोकसभा सीट पर पुरुषों की तुलना में सबसे अधिक महिला मतदाता हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,67,946 महिला मतदाता हैं जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 6,44,311 है।

खूंटी सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करते हैं। उन्होंने 2019 में कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से महज 1,445 मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल की थी। भाजपा ने फिर उन्हें इस सीट से प्रत्याशी बनाया है। ‘इंडिया’ गठबंधन ने अभी तक इस सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

सिंहभूम एक और आदिवासी लोकसभा सीट है जहां पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाता की संख्या अधिक है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14,32,963 मतदाताओं में से 7,27,734 महिला मतदाता और 7,05,167 पुरुष मतदाता हैं।

सिंहभूम में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है क्योंकि यह पारंपरिक रूप से झारखंड पार्टी और कांग्रेस का गढ़ रहा है। दोनों दल पांच-पांच बार इस सीट से जीत दर्ज कर चुके हैं।

झारखंड की इकलौती कांग्रेस सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा हाल में भाजपा में शामिल हो गयीं और उन्हें सिंहभूम (एसटी) सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।

उन्होंने 2019 में भाजपा के लक्ष्मण गिलुआ को हराया था। ‘इंडिया’ गठबंधन ने अभी तक इस सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) इस सीट से चुनाव लड़ सकता है।

लोहरदगा लोकसभा सीट पर 7,07,402 पुरुष मतदाताओं के मुकाबले 7,19,616 महिला मतदाता हैं। भाजपा ने इस सीट से झारखंड से अपने राज्यसभा सदस्य समीर उरांव को खड़ा किया है जिनका उच्च सदन का कार्यकाल तीन मई को समाप्त हो रहा है।

राजमहल सीट पर कुल 16,82,219 मतदाताओं में से 8,41,217 महिला और 8,40,995 पुरुष मतदाता हैं। झामुमो के विजय कुमार हंसदक ने 2019 में राजमहल लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।

उन्होंने भाजपा के हेमलाल मुर्मू को हराया था। भाजपा ने इस बार अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को राजमहल (एसटी) सीट से प्रत्याशी बनाया है जबकि झामुमो ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।

मतदाता सूची तैयार करने में शामिल एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उन्हें कई आदिवासी बहुत क्षेत्रों में महिला लिंग अनुपात अधिक मिला है।

चुनावी सुधार पर राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नेशनल इलेक्शन वॉच’ के राज्य समन्वयक सुधीर पाल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि आदिवासी महिलाएं सामाजिक-आर्थिक या सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 24, 2024 01:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).