देश की खबरें | महिला कांग्रेस सदस्यों का प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महिला कांग्रेस की सदस्य रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के पास एकत्रित हुईं।

नयी दिल्ली, दो सितम्बर महिला कांग्रेस की सदस्य रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के पास एकत्रित हुईं।

हालांकि, बाद में उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया और मंदिर मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया।

महिला कांग्रेस की सदस्य अपराह्न करीब 1.30 बजे प्रधानमंत्री आवास के पास जमा हुईं और आगे बढ़ने का प्रयास किया। वे अपने साथ काले गुब्बारे ली हुई थीं और सरकार के खिलाफ नारे लगा रही थीं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को एक बस में डालती नजर आ रही हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुल 24 महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया और इस संबंध में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन ने कहा कि वे रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास गई थीं।

धवन ने कहा, ‘‘हम वहां रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आंदोलन करने गए थे। हमने विरोध के तौर पर हवा में छोड़ने के लिए काले गुब्बारे ले रखे थे। देश में व्यापक बेरोजगारी है और लोगों की नौकरियां जा रही हैं और मोदी सरकार राहत मुहैया कराये जाने की बजाय द्वारा बार-बार कीमतों में बढ़ोतरी करके लोगों का जीना मुश्किल कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय और दिल्ली इकाइयों की अन्य पदाधिकारियों सहित प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और मंदिर मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\