Mumbai: मोबाइल छीनकर भाग रहे झपटमार को रोकने की कोशिश में महिला ट्रेन से गिरी, गंभीर रूप से घायल
मुम्बई में एक झपटमार द्वारा मोबाइल फोन छीन लिये जाने के बाद उसे रोकने की कोशिश के दौरान 49 साल की एक महिला एक चलती उपगनगरीय ट्रेन से गिर गयी और गंभीर रूप से घायल हो गयी.
मुम्बई, 14 अप्रैल: मुम्बई में एक झपटमार द्वारा मोबाइल फोन छीन लिये जाने के बाद उसे रोकने की कोशिश के दौरान 49 साल की एक महिला एक चलती उपगनगरीय ट्रेन से गिर गयी और गंभीर रूप से घायल हो गयी. सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस सप्ताह के प्रारंभ में माहिम रेलवे स्टेशन पर यह घटना घटी और अब यह पीड़िता एक अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रही है. वह ठाणे जिले के बदलापुर की रहने वाली है.
अधिकारी ने बताया कि माहिम रेलवे स्टेशन पर प्रियंका खडके का मोबाइल छीनकर रमजान उर्फ यसीनुद्दीन खान (28) ट्रेन से कूद गया. उसे रोकने की कोशिश के दौरान प्रियंका भी नीचे गिर गयी.
उन्होंने बताया कि ट्रेन से गिरने पर प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई. यात्रियों का शोर सुनकर प्लेटफार्म पर लोगों ने आरोपी को धर दबोचा एवं उसे पुलिस के हवाले कर दिया. प्रियंका सांताक्रूज में एक राशन दफ्तर में लिपिक है.
उन्होंने बताया कि घायल महिला को समीप के सियोन अस्पताल ले जाया गया जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है . पुलिस ने आरोपी के पास से प्रियंका से छीना गया 15000 रूपये का मोबाइल बरामद कर लिया है . आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरूद्ध मुम्बई सेंट्रल जीआरपी थाने में धारा 394 (लूटपाट करने के दौरान चोट पहुंचाना) और 338 (किसी अन्य की जान या निजी सुरक्षा को खतरे में डालना एवं गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2022 05:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

