देश की खबरें | उत्तरी कोलकाता में इमारत ढहने से महिला एवं दो वर्षीय बच्ची की मौत

कोलकाता (पश्चिम बंगाल), 29 सितंबर उत्तरी कोलकाता की अहिरीटोला लेन में एक पुराने मकान का एक हिस्सा भारी बारिश के बीच बुधवार सुबह ढह जाने से दो वर्षीय एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि शहर के सबसे पुराने इलाकों में शामिल जोराबागान पुलिस थाना क्षेत्र की 9, अहिरीटोला लेन में स्थित इमारत का एक हिस्सा सुबह करीब छह बजकर 40 मिनट पर ढह गया।

कोलकाता नगर निगम के प्रमुख फरहाद हकीम ने बताया कि पुरानी इमारत के मलबे से नौ लोगों को निकाला गया। नगर निगम ने इस इमारत को रहने के लिए खतरनाक घोषित किया था।

पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और उसकी पोती (दो वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में जीवित बचे लोगों में से दो की हालत बहुत गंभीर है। इस पुरानी इमारत में दो परिवार रह रहे थे।

उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग और पुलिस की एक बड़ी टीम ने बचाव कार्य किया। बचाव अभियान की निगरानी करने के लिए अग्निशमन मंत्री सुजित बोस और महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा घटनास्थल पहुंचीं।

हकीम ने इस हादसे में लोगों की मौत होने के लिए इमारत में रह रहे लोगों को दोषी ठहराया और कहा कि उन्होंने कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद इमारत खाली नहीं की।

उन्होंने कहा, ‘‘इमारत की स्थिति बहुत खराब है। हम कोई जोखिम मोल नहीं ले सकते और इसलिए हम शेष ढांचे को भी गिरा रहे हैं। यदि यहां रहने वाले लोगों ने हमारी बात मानी होती, तो हम इस आपदा से बच सकते थे।’’

कोलकाता में मंगलवार शाम से भारी बारिश हो रही है। शहर में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 87 मिमी बारिश हो चुकी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)