देश की खबरें | सीएए के समर्थन से मतुआ समुदाय के नेता शांतनु ठाकुर को मोदी सरकार में दूसरा कार्यकाल मिला

नयी दिल्ली, नौ जून पश्चिम बंगाल के बनगांव लोकसभा क्षेत्र से दूसरी बार सांसद बने भाजपा नेता एवं उत्तर 24 परगना जिले में पिछड़े मतुआ समुदाय के प्रमुख नेता शांतनु ठाकुर को रविवार को नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

ठाकुर 2019 से नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के प्रबल समर्थक रहे हैं और उनका कहना है कि यह मतुआ समुदाय के सदस्यों को ‘‘कानूनी नागरिकता’’ प्रदान करेगा।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के हमलों को दरकिनार करते हुए सीएए के तहत नागरिकता के लिए आवेदन प्रस्तुत करने के संबंध में मतुआ समुदाय के बीच भ्रम को दूर करने का प्रयास किया। 42 वर्षीय ठाकुर पहली बार 2019 में बनगांव निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के सदस्य बने थे।

ठाकुर के परिवार की सदस्य और मतुआ समुदाय की उनकी प्रतिद्वंद्वी नेता ममताबाला ठाकुर 2015 के उपचुनाव में बनगांव सीट से चुनी गई थीं, लेकिन 2019 में शांतनु से चुनाव हार गईं।

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल नेता मंजुल कृष्ण ठाकुर के बेटे शांतनु ठाकुर ने 2015 में राजनीति में प्रवेश किया, तब उन्होंने भाजपा की टिकट पर बनगांव लोकसभा उपचुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे।

इसके बाद अपने दूसरे प्रयास में ठाकुर ने लोकसभा चुनाव जीता और इस बार भी अपनी सीट जीतने में कामयाब रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)