बिहार में सात नये मामले आने के साथ कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 150 हुई
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुंगेर जिले में चार और रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में तीन कोविड-19 के मामलों की पुष्टि हुई।
पटना, 23 अप्रैल बिहार के मुंगेर और रोहतास जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सात नये मामले प्रकाश में आने के साथ प्रदेश में कोविड-19 के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 150 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुंगेर जिले में चार और रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में तीन कोविड-19 के मामलों की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि मुंगेर जिले के जमालपुर के सदर बाजार में आज जो कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं उनमें एक पुरुष (30) तथा तीन महिलाएं (क्रमश: उम्र 68, 61 एवं 60 वर्ष) शामिल हैं।
जमालपुर में पिछले एक सप्ताह में एक दर्जन से अधिक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं। इनमें से अधिकांश 60 वर्षीय उस सब्जी विक्रेता के संपर्क में आए लोग हैं, जिसने पिछले महीने नालंदा जिले के मुख्यालय बिहारशरीफ में तबलीगी जमात के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल यात्रा की थी।
कुमार ने बताया कि सासाराम में कोरोना वायरस संक्रमण के जो मामले आज प्रकाश में आए हैं उनमें दो पुरुष (उम्र क्रमशफ् 28 एवं 20 वर्ष) तथा एक महिला(36) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मुंगेर और रोहतास जिले में मिले कोविड-19 के नये मरीज पूर्व में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए व्यक्तियों के संपर्क में आए थे।
गौरतलब है कि पटना एम्स में कोरोना संक्रमित मुंगेर जिला निवासी एक मरीज की गत 21 मार्च को तथा वैशाली जिला निवासी एक मरीज की शुक्रवार को मौत हो गयी थी।
बिहार के कुल 38 जिलों में से 17 जिलों में कोविड-19 के मामले अबतक प्रकाश में आए हैं।
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अबतक सबसे अधिक 31-31 मामले नालंदा एवं मुंगेर में आए हैं। इनके अलावा सिवान में 29, पटना में 16, बेगुसराय में नौ, बक्सर में आठ, गया एवं भागलपुर में पांच-पांच, रोहतास में चार, गोपालगंज एवं नवादा में तीन-तीन तथा सारण, लखीसराय, वैशाली, भोजपुर, बांका एवं पूर्वी चंपारण में एक-एक कोविड-19 मरीज की पुष्टि हुई है।
ओमान से लौटे सिवान निवासी एक मरीज के संपर्क में बीते दिनों आने से अबतक 23 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
वहीं कतर से लौटे मुंगेर निवासी एक मरीज जिसकी 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी, के संपर्क में आए 11 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
बिहार में अबतक 13,785 संदिग्ध लोगों के नमूनों की जांच की गई है और प्रदेश में 44 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2020 07:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

