एजेंसी न्यूज

RR vs DC IPL 2024: रियान पराग की अर्धशतकीय पारी से राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दिया 186 रन का लक्ष्य

रियान पराग की नाबाद 84 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पांच विकेट पर 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.

RR vs DC IPL 2024: रियान पराग की अर्धशतकीय पारी से राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दिया 186 रन का लक्ष्य
RR vs DC (Photo: DC/Rajasthan Royals)

RR vs DC IPL 2024 Live Inning Updates: जयपुर, 28 मार्च रियान पराग की नाबाद 84 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पांच विकेट पर 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. रियान ने 45 गेंद की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगा कर आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया. उनकी ताबड़तोड़ पारी से  टीम ने आखिरी सात ओवर में 92 रन जोड़े. राजस्थान की टीम आठ ओवर के बाद 38 रन पर तीन विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी लेकिन रियान ने रविचंद्रन अश्विन (19 गेंद में 29 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 54 और पांचवें विकेट के लिए ध्रुव जुरेल (12 गेंद में 20 रन) के साथ 23 गेंद में 52 रन की आक्रामक साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करायी. यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को दिया 186 रनों का टारगेट, रियान पराग ने खेली ताबड़तोड़ पारी

उन्होंने शिमरोन हेटमायर (सात गेंद में नाबाद 14 रन) के साथ 16 गेंद में 43 रन की अटूट साझेदारी के दौरान आखिरी ओवर में एनरिच नोर्किया के खिलाफ तीन चौके और दो छक्के लगाकर 25 रन बटोरे. दिल्ली कैपिटल्स के पांचों गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली. खलील अहमद ने 24 और अक्षर पटेल ने 21 रन दिये तो वही कुलदीप यादव ने 41, नोर्किया ने 48 और मुकेश कुमार ने 49 रन लुटाये.

दिल्ली के तेज गेंदबाजों ने शुरूआत में कसी हुई गेंदबाजी की. मुकेश ने पारी के दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी. कप्तान संजू सैमसन ने इस गेंदबाज के अगले ओवर में हैट्रिक चौके जड़े लेकिन छठे ओवर में खलील अहमद की गेंद को अपना 100वां आईपीएल मैच खेल रहे ऋषभ पंत के हाथों में खेल गये. पावरप्ले में राजस्थान की टीम दो विकेट पर 31 रन ही बना सकी.

दूसरे छोर से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे जोस बटलर आठवें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर पगबाधा हो गये. रियान ने नौवें ओवर में अक्षर के खिलाफ चौका जड़ा. यह राजस्थान का 31 गेंद के बाद पहला चौका था. अश्विन ने कुलदीप के खिलाफ पारी का पहला छक्का जड़ने के बाद 11वें ओवर में नोर्किया के खिलाफ दो छक्के जड़कर बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे जाने के फैसले को सही साबित किया. दूसरे छोर से रियान ने भी कुलदीप के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन अक्षर ने 14वें ओवर में अश्विन को चलता किया.

शानदार लय में चल रहे रियान ने 15वें ओवर से बड़ा शॉट खेलना शुरू किया. उन्होंने खलील के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके लगाकर टीम के रनों का शतक पूरा किया. अगले ओवर में मुकेश के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर 34 गेंद में अपना पचासा पूरा किया.

ध्रुव जुरेल ने कुलदीप के खिलाफ चौका तो वही रियान ने छक्का लगाकर इस वामहस्त स्पिनर के आंकड़े को खराब किया।  जुरेल की पारी को नोर्किया ने बोल्ड कर खत्म किया. हेटमायर ने मुकेश के खिलाफ छक्का और चौका लगाया जिससे 19वें ओवर में टीम का स्कोर 160 रन हो गया. रियान ने आखिरी ओवर में नोर्किया के खिलाफ 25 रन बटोर कर राजस्थान के प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2024 09:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).