एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | पारा चढ़ने के साथ दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड 7,265 मेगावाट पर पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सोमवार को पारा चढ़ने के साथ ही बिजली की अधिकतम मांग 7,265 मेगावाट पर पहुंच गयी। यह पिछले चार साल में 19 मई तक अबतक की सर्वाधिक मांग है।

जरुरी जानकारी | पारा चढ़ने के साथ दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड 7,265 मेगावाट पर पहुंची

नयी दिल्ली, 19 मई दिल्ली में सोमवार को पारा चढ़ने के साथ ही बिजली की अधिकतम मांग 7,265 मेगावाट पर पहुंच गयी। यह पिछले चार साल में 19 मई तक अबतक की सर्वाधिक मांग है।

वितरण कंपनियों टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. (टाटा पावर डीडीएल) और बीएसईएस ने बिजली की बढ़ी हुई मांग को सफलतापूर्वक पूरा करने का दावा किया है।

स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) दिल्ली के अनुसार, बिजली की अधिकतम मांग सोमवार दोपहर 3.29 पर सर्वाधिक 7,265 मेगावाट पर पहुंच गई।

इससे पहले मई, 2024 में बिजली की अधिकतम मांग 7,174 मेगावाट, 2023 में 5,953 मेगावाट और 2022 में 7,070 मेगावाट थी।

दिल्ली में रविवार को बिजली की अधिकतम मांग 6,851 मेगावाट थी।

वितरण कंपनी बीएसईएस के प्रवक्ता ने कहा कि बीआरपीएल (बीएसईएस राजधानी पावर लि.) और बीवाईपीएल (बीएसईएस यमुना पावर लि.) ने अपने-अपने वितरण क्षेत्रों में क्रमश: 3,227 मेगावाट और 1,596 मेगावाट की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया।

उत्तरी दिल्ली में बिजली वितरण कंरने वाली टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. (टीपीडीडीएल) ने बयान में कहा कि बढ़ते तापमान के बीच कंपनी ने बिना किसी बाधा के 2,136 मेगावाट की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया, जो इस मौसम का अबतक का सबसे ऊंचा स्तर है।

बीएसईएस के प्रवक्ता ने कहा कि बीआरपीएल के दक्षिण और पश्चिम दिल्ली में बिजली की अधिकतम मांग इस गर्मियों में 4,050 मेगावाट तथा बीवाईपीएल के पूर्वी तथा मध्य दिल्ली में 1,900 मेगावाट पहुंचने का अनुमान है। जबकि पिछले साल इस मौसम अधिकतम मांग क्रमश: 3,809 मेगावाट और 1,882 मेगावाट थी।

बीएसईएस ने कहा कि वह अपने ग्राहकों को भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालीन बिजली खरीद समझौतों के साथ बिजली की मांग का सटीक आकलन करने को लेकर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रही है।

कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, इसके अलावा, 2,100 मेगावाट से अधिक क्षमता की हरित ऊर्जा बीएसईएस के वितरण क्षेत्रों में भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

टाटा पावर डीडीएल ने कहा कि कंपनी 'द्विपक्षीय समझौते', 'रिजर्व शटडाउन’ जैसी व्यवस्था के माध्यम से बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंपनी ने एक्सचेंज से अल्पकालिक बिजली खरीद की व्यवस्था भी की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2025 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).