एजेंसी न्यूज

Paper Leak Case: दोषियों को दंडित करने के साथ ही पेपर लीक के मामलों को रोकेंगे- कांग्रेस

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं के लिए घोषित अपनी ‘पांच गारंटी’ में से एक ‘पेपर लीक से मुक्ति’ का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि इस समस्या को खत्म करने के लिए मौजूदा तरीके सक्षम नहीं हैं, ऐसे में उसका लक्ष्य दोषियों को दंडित करने के साथ ही किसी भी तरह के पेपर लीक को रोकना है.

Paper Leak Case: दोषियों को दंडित करने के साथ ही पेपर लीक के मामलों को रोकेंगे- कांग्रेस
Credit-Latestly.Com

नयी दिल्ली, 8 मार्च : कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं के लिए घोषित अपनी ‘पांच गारंटी’ में से एक ‘पेपर लीक से मुक्ति’ का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को कहा कि इस समस्या को खत्म करने के लिए मौजूदा तरीके सक्षम नहीं हैं, ऐसे में उसका लक्ष्य दोषियों को दंडित करने के साथ ही किसी भी तरह के पेपर लीक को रोकना है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान के बांसवाड़ा में बृहस्पतिवार को युवाओं के लिए पांच बड़ी घोषणाएं कीं जिनमें भर्ती भरोसा, पहली नौकरी पक्की, पेपर लीक से मुक्ति, ‘गिग इकॉनमी’ में सामाजिक सुरक्षा एवं युवा रोशनी शामिल हैं.

काम के आधार पर मिलने वाला भुगतान और अस्थायी नौकरी ‘गिग इकॉनमी’ को परिभाषित करती है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कल कांग्रेस पार्टी ने देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए और करोड़ों युवाओं की समस्याओं के समाधान के वास्ते पांच युवा न्याय गारंटी की घोषणा की है. आज भाजपा के ‘डिस्टॉर्शनिस्ट’ (तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने वाले) हरकत में आ गए हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी एक गारंटी है पेपर लीक से मुक्ति. हमारा लक्ष्य न सिर्फ़ पेपर लीक के दोषियों को दंड देना है, बल्कि किसी भी तरह के पेपर लीक को रोकना है.’’ यह भी पढ़ें : भगवंत मान ने कांग्रेस में शामिल होने के लिए एक बार मुझसे संपर्क किया था: नवजोत सिद्धू

रमेश ने कहा, ‘‘हम पेपर आधारित और कंप्यूटर आधारित दोनों ही तरह की परीक्षाओं के लिए पेपर सेट करने, प्रिंटिंग, परिवहन, प्रशासन और निरीक्षण से लेकर परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण में ईमानदारी एवं निष्पक्षता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा तरीका स्पष्ट रूप से पेपर लीक को रोकने में सक्षम नहीं रहा है. कई राज्यों में पेपर लीक कानून होने के बावजूद, पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक हुए हैं. ऐसा होने से दो करोड़ से अधिक उम्मीदवारों का भविष्य बर्बाद हुआ है. पेपर लीक कानून होने के बावजूद हाल में उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 60 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं.’’

रमेश ने कहा कि जो युवा इन परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों बिताते हैं और अपने बेहतर भविष्य की आशा के लिए समय, मेहनत, और पैसा लगाते हैं, उनके लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि पेपर लीक न हों. उन्होंने कहा, ‘‘अपराधियों को दंड देना बेहद आवश्यक है, लेकिन इस समस्या का समाधान करने के लिए यह काफ़ी नहीं है.’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘पेपर लीक से मुक्ति - कड़ी मेहनत करने वाले हर युवा के प्रति यह हमारी प्रतिबद्धता है.’

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2024 03:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).