देश की खबरें | सक्रिय राजनीति से संन्यास लूंगा : एस एम कृष्णा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा ने उम्र का हवाला देते हुए कहा है कि वह धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से दूरी बना रहे हैं और सक्रिय राजनीति से संन्यास लेंगे।

बेंगलुरु, पांच जनवरी भाजपा के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा ने उम्र का हवाला देते हुए कहा है कि वह धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से दूरी बना रहे हैं और सक्रिय राजनीति से संन्यास लेंगे।

कृष्णा (90) ने कांग्रेस के साथ अपना लगभग 50 सालों का जुड़ाव खत्म करते हुए मार्च 2017 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।

कृष्णा ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, “मुझे पता चला कि मेरे बारे में चर्चा ज्यादा (सार्वजनिक रूप से) नहीं देखी जा रही है, हम सभी को अपनी उम्र के बारे में पता होना चाहिए, 90 साल की उम्र में हम 50 वर्षीय की तरह काम नहीं कर सकते। उम्र के इस पहलू का सम्मान करते हुए मैं सार्वजनिक जीवन से धीरे-धीरे दूर हो रहा हूं।”

यह पूछे जाने पर कि क्या अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पुराने मैसूर क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही भाजपा के आमंत्रण पर वह पार्टी के मंचों व बैठकों में नजर आएंगे, उन्होंने कहा कि स्थिति आने पर वह इस पर फैसला करेंगे।

पुराने मैसूरु क्षेत्र में पार्टी द्वारा उन्हें नजरंदाज किए जाने की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “जब मैं सेवानिवृत्त हो रहा हूं, तो दरकिनार किए जाने या उपेक्षित होने का कोई सवाल ही नहीं है। मैंने स्वेच्छा से पर्दे के पीछे जाने का फैसला किया है। इसलिए दरकिनार किए जाने का कोई सवाल ही नहीं है।”

प्रमुख वोक्कालिगा समुदाय के अनुभवी नेता मांड्या जिले के मद्दुरु तालुक से आते हैं जो ओल्ड मैसूरु क्षेत्र का एक हिस्सा है।

वोक्कालिगा समुदाय के प्रभाव वाले ओल्ड मैसूर क्षेत्र में कमजोर मानी जाने वाली भाजपा 2023 के विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए इस इलाके पर ध्यान केंद्रित कर रही है। ऐसे में उनके संन्यास को अहम माना जा रहा है।

ओल्ड मैसूर क्षेत्र को जद (एस) के गढ़ के रूप में देखा जाता है, जहां कांग्रेस भी मजबूत है, लेकिन भाजपा यहां पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। इस क्षेत्र में मांड्या, मैसूरु, हासन, तुमकुरु, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, कोलार और चिक्काबल्लापुर जैसे जिले शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now