मुंबई, दो अगस्त महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महात्मा गांधी के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर हिंदुत्ववादी नेता संभाजी भिडे पर कार्रवाई की विपक्ष की मांग के बीच बुधवार को कहा कि वह राष्ट्रीय हस्तियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, चाहे वह गांधी जी हों या वी डी सावरकर।
महाराष्ट्र के गृह विभाग का प्रभार भी संभाल रहे फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि आपत्तिजनक लेख के जरिये विनायक दामोदर सावरकर का ‘अपमान’ करने वाले कांग्रेस के मुखपत्र ‘शिदोरी’ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भिडे के समर्थकों द्वारा सुरक्षा की मांग किए जाने के बाद उसे सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।
इससे पहले, कांग्रेस विधायकों ने महात्मा गांधी के बारे में कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर दक्षिणपंथी कार्यकर्ता संभाजी भिडे के खिलाफ बुधवार को कार्रवाई की मांग की।
फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि भिडे के खिलाफ अमरावती में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस उनकी आवाज के नमूने लेगी।
पुलिस ने कहा कि पिछले हफ्ते एक भाषण के दौरान महात्मा गांधी के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान संगठन के संस्थापक भिडे के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भिडे को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
फडणवीस ने कहा, ‘‘भिडे ने (अपने संगठन के) एक कार्यकर्ता को 'द कुरान एंड द फकीर' किताब का विवादास्पद हिस्सा पढ़ने को कहा। उस बैठक की कोई रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है, इसलिए पुलिस (भिडे की) आवाज के नमूने लेगी।’’
उन्होंने कहा कि भिडे हिंदुत्व के लिए काम करते हैं लेकिन महात्मा गांधी के बारे में टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फडणवीस ने कहा, ‘‘इसी तरह, वी.डी. सावरकर के बारे में आपत्तिजनक लेखन को लेकर कांग्रेस के मुखपत्र 'शिदोरी' के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मामला दर्ज किया जाएगा।’’
महात्मा गांधी पर भिडे की टिप्पणी का मुद्दा विधानसभा में कांग्रेस विधायक पृथ्वीराज चव्हाण ने उठाया और निंदा प्रस्ताव स्वीकार करने की मांग की। लेकिन विधानसभाध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मांग को खारिज कर दिया।
कांग्रेस की एक अन्य विधायक यशोमती ठाकुर ने सदन को बताया कि भिडे के समर्थकों ने उन्हें (उनकी गिरफ्तारी की मांग के लिए) धमकी दी।
फडणवीस ने कहा, ‘‘मैं यशोमती ठाकुर को पूरी सुरक्षा का आश्वासन देता हूं। जिस व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी है उसका पता लगाया जाएगा।’’
चव्हाण ने कहा कि उन्हें भी इस मुद्दे पर धमकी मिली है और उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और जमानत दे दी गई।
विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य अशोक जगताप ने भिडे की टिप्पणी की निंदा की और इस मामले पर चर्चा की मांग की। उन्होंने कहा कि भिडे ने पहले भी विवादास्पद टिप्पणी की थी और सवाल किया कि उन्हें अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है।
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि एक तरफ सरकार सोशल मीडिया पर औरंगजेब का स्टेटस रखने के लिए कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ, औरंगाबाद में मुगल सम्राट की कब्र पर जाने के लिए वंचित बहुजन अघाडी (वीबीए) नेता प्रकाश आंबेडकर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
फडणवीस ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने आंबेडकर से मुगल सम्राट का महिमामंडन करने के खिलाफ अपील की थी। फडणवीस ने कहा, ‘‘औरंगजेब एक शासक था जिसकी मृत्यु औरंगाबाद में हुई थी और उसे वहीं दफनाया गया था। यह (उसकी कब्र) एक संरक्षित स्मारक है। हम एक लोकतंत्र हैं। सांप्रदायिक कलह पैदा करना अपराध है, उसकी कब्र पर जाना नहीं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY