ट्रंप की आलोचनाओं के बीच डब्ल्यूएचओ ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए चीन की सराहना की
एक दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य निकाय को बीजिंग की जनसंपर्क एजेंसी करार दिया था।
बीजिंग, दो मई विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए चीन की सराहना की है और कहा कि अन्य देशों को वुहान से यह सीखना चाहिए कि वायरस के केंद्रबिंदु पर कैसे सामान्य स्थिति बहाल हुई।
एक दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य निकाय को बीजिंग की जनसंपर्क एजेंसी करार दिया था।
ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा था, “मेरे विचार में विश्व स्वास्थ्य संगठन को खुद पर शर्म आनी चाहिए क्योंकि वह चीन की जनसंपर्क एजेंसी के तौर पर काम कर रहा है।”
ट्रंप प्रशासन ने कोरोना वायरस के पूरे मामले में डब्ल्यूएचओ की भूमिका की जांच शुरू की है और उसे दी जाने वाली वित्तीय सहायता को अस्थाई तौर बंद कर दिया है।
अमेरिका के अलावा जर्मनी, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देश कोरोना वायरस फैलने के लिए चीन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस महामारी से दुनियाभर में 2,35,000 लोगों की मौत हो चुकी है और 33 लाख लोग संक्रमित हैं।
डब्ल्यूएचओ के स्वास्थ्य आपातकाल कार्यक्रम की तकनीक प्रमुख मारिया वान केरखोव ने जिनेवा में कहा, ‘‘यह बेहद अच्छी खबर है कि अब कोई गंभीर मामला नहीं है, वुहान में एक भी मरीज नहीं है।’’
चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शनिवार को अपनी एक रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा, ‘‘इस उपलब्धि के लिए बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘विश्व ने चीन से सीखा है और हमें वुहान से भी यह सीखना जारी रखना चाहिए कि वह कैसे संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उठाए गए कदमों को हटा रहा है। कैसे वह समाज को सामान्य जनजीवन की ओर ला रहा है अथवा नए प्रकार की सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है...।’’
वुहान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा था कि अस्पताल में कोविड-19 का अब कोई मामला नहीं है।
वान केरखोव ने कहा, ‘‘मैं यह देखने के लिए वहां दो सप्ताह के लिए थी कि कोरोना वायरस के मामलों को कम करने के लिए क्या किया जा रहा है, मैंने सीधे मंत्रालय के अधिकारियों, विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों, अस्पतालों के साथ काम किया था।’’
उन्होंने कहा कि वह वुहान की जनता के अथक प्रयासों के लिए उनकी सराहना करती हैं। ये सराहना सिर्फ स्वास्थ्यकर्मियों की नहीं बल्कि उन लोगों की भी है जो घरों में रहे और जिन्होंने जन स्वास्थ्य नियमों का पालन किया।
उन्होंने कहा,‘‘ हम आपकी खुलकर तारीफ करते हैं और आपकी प्रतिबद्धता और सेवा के साथ ही आप जो कर पाए उसे साझा करने के लिए आपका धन्यवाद करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 02:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

