देश की खबरें | मौत के बाद आत्मा कहां जाती है? यह जानने को उत्सुक छात्र ने परिवार के सामने खुद को गोली मारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र में कक्षा नौ के एक छात्र ने अपने परिजनों के सामने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि छात्र की ओर से इंटरनेट पर खंगाली गई सामग्री से पता चला है कि वह यह जानने को उत्सुक था कि मौत के बाद आत्मा कहां जाती है।
मेरठ, 13 जनवरी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र में कक्षा नौ के एक छात्र ने अपने परिजनों के सामने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि छात्र की ओर से इंटरनेट पर खंगाली गई सामग्री से पता चला है कि वह यह जानने को उत्सुक था कि मौत के बाद आत्मा कहां जाती है।
भावनपुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एपेक्स कॉलोनी में रहने वाले छात्र (15) ने अपने परिजनों के सामने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शनिवार रात हुई इस घटना के संबंध में अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
कुमार के अनुसार, खुद को गोली मारने से पहले छात्र ने इंटरनेट पर खंगाला था कि “मौत के बाद क्या होता है”, “मृत्यु के तरीके” और “मौत के बाद इंसान की आत्मा कहां जाती है।”
उन्होंने बताया कि छात्र के मोबाइल की जांच करने पर पता चला है कि उसने गरुड़ पुराण के बारे में सामग्री खंगाली थी।
कुमार के मुताबिक, छात्र के कमरे से घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके हाथ तमंचा कैसे लगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में मां और बड़े भाई के डांटने से नाराज होकर छात्र के यह कदम उठाने की बात सामने आई है।
कुमार के अनुसार, पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि परिजनों ने छात्र को गलत संगत में बैठने पर डांटा था और उसकी बुलेट बाइक भी बेच दी थी, जो उसे बहुत प्रिय थी। उन्होंने बताया कि छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2025 08:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

