विदेश की खबरें | जहां मिसाइल हमले में 52 लोग मारे गए, वहां यूक्रेनी सैनिक की देख-रेख कर रहे थे ‘नव-नाजी’ : रूस
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कैफे पर हुए हमले में 52 लोगों की मौत हो गई थी।

विश्व निकाय में रूस के राजदूत वेसिली नेबेनजिया ने यूक्रेन द्वारा बुलाई गई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक को बताया कि सैन्यकर्मी एक उच्च पद वाला यूक्रेनी नागरिक था और उसके साथ बहुत सारे ‘नव नाजी’ वहां मौजूद थे।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में अपने शत्रुओं को 'नव-नाजी' कहते हैं।

रूसी इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल से बृहस्पतिवार को किए गए हमले में उत्तरपूर्व खारकीव क्षेत्र के 300 लोगों की आबादी वाले ह्रोजा गांव में 15 फीसदी से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। घायलों की देख-रेख के लिए फिर से खोला गया यह कैफे हमले में पूरी तरह नष्ट हो गया और यहां मौजूद सभी परिवार खत्म हो गए।

संयुक्त राष्ट्र में अल्बानिया के राजदूत फेरिट होक्सा ने कहा कि मिसाइल हमले और ह्रोजा में मौतें रूसी आक्रमण के 20 महीने बाद भी नागरिकों द्वारा भयानक कीमत चुकाए जाने की कहानी बयां करते हैं।

होक्सा इस महीने सुरक्षा परिषद की बैठक के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि रूस भले ही जिम्मेदारी से इनकार कर सकता है लेकिन युद्ध उसने ही शुरू किया है और वह ही इसे जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि रूस इन भयानक अपराधों को अंजाम दे रहा है।

अमेरिका के उप राजदूत रॉबर्ट वुड ने कहा कि पिछले साल युद्ध शुरू होने के बाद यह यूक्रेन पर रूस के सबसे भयावह हमलों में से एक है।

चीन के उप राजदूत गेंग शुआंग ने कहा कि बीजिंग ने पाया कि ह्रोजा में हमले में बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए हैं।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्रि पेस्कोव ने गत शुक्रवार को इस बात से इंकार किया कि ह्रोजा में हुए हमले के लिए रूस जिम्मेदार है। उनके अनुसार, जैसा कि मास्को पहले भी कह चुका है कि रूसी सेना नागरिकों को और नागरिक सुविधाओं को निशाना नहीं बनाती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)