देश की खबरें | राहुल जब भी विदेश जाते हैं, भारत के बारे में घृणित विचार साझा करने से नहीं चूकते: प्रधान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी पर हमला करते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता जब भी विदेश में होते हैं तो भारत और इसकी लोकतांत्रिक प्रणालियों के बारे में घृणित विचार साझा करने से नहीं चूकते।

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी पर हमला करते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता जब भी विदेश में होते हैं तो भारत और इसकी लोकतांत्रिक प्रणालियों के बारे में घृणित विचार साझा करने से नहीं चूकते।

अमेरिका की यात्रा पर गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने कथित तौर पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत गठबंधन की जीत पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग की (सरकार से) मिलीभगत है।

प्रधान ने आरोप लगाया कि गांधी भारत की गौरवशाली लोकतांत्रिक परंपराओं को वैश्विक स्तर पर मिल रही मान्यता से घृणा करते हैं और अपनी पार्टी की लगातार हार से हताश हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, "लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती से निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भी राहुल गांधी विदेश में होते हैं, तो वह भारत और भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के प्रति अपने घृणित विचारों को साझा करने से नहीं चूकते।"

भाजपा नेता ने कहा, "दरअसल, दशकों से सत्ता पर काबिज 'शाही' परिवार के 'युवराज' को भारत की गौरवशाली लोकतांत्रिक परंपराओं को वैश्विक स्तर पर मिल रही मान्यता से नफरत है। यही वजह है कि वह देश और इसके नागरिकों का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।"

प्रधान ने कहा कि देश ही नहीं बल्कि दुनिया भी भारत के महान लोकतांत्रिक मूल्यों और इसकी विश्वसनीयता पर विश्वास करती है।

उन्होंने कहा, "लेकिन लगातार हार की हताशा राहुल गांधी के चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है। मैं राहुल गांधी जी से अनुरोध करता हूं कि चुनावी जीत या हार के आधार पर भारत की लोकतांत्रिक गरिमा को ठेस न पहुंचाएं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\