देश की खबरें | ...जब प्रधानमंत्री ने काव्यात्मक अंदाज में छेड़ दी इंदौर के चटखारों की चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सोमवार को 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहर के मशहूर पकवानों के चटखारों की चर्चा करना नहीं भूले।

इंदौर (मध्यप्रदेश), नौ जनवरी देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सोमवार को 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहर के मशहूर पकवानों के चटखारों की चर्चा करना नहीं भूले।

उन्होंने मुंह में पानी लाने वाले इन पकवानों के जायकों को काव्यात्मक अंदाज में पेश किया।

मोदी ने प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में कहा, ‘‘इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अलग पहचान स्थापित की है। लेकिन खाने-पीने के मामले में अपन का (अपना) इंदौर देश ही नहीं, पूरी दुनिया में लाजवाब है। इंदौरी नमकीन का स्वाद गजब का है। शहर के लोगों में पोहे को लेकर पैशन (जुनून) है।’’

उन्होंने शहर के कुछ मशहूर पकवान काव्यात्मक अंदाज में गिनाते हुए कहा,‘‘साबूदाने की खिचड़ी, कचोरी, समोसे, शिकंजी…जिसने भी इन पकवानों को देखा, उसके मुंह का पानी नहीं रुका।’’

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रधानमंत्री ने आगे तुक मिलाई,‘‘…और जिसने इन पकवानों को चखा, उसने कहीं और मुड़कर नहीं देखा।’’

मोदी ने कहा कि इंदौर की दो प्रमुख चाट-चौपाटियां-"56 दुकान" और सर्राफा अपने देशी पकवानों के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं और यही वजह है कि कुछ लोग इंदौर को स्वच्छता के साथ ही स्वाद की राजधानी भी कहते हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रवासी भारतीय इंदौरी पकवानों के स्वाद को लेकर विदेश के लोगों से अपने अनुभव साझा करेंगे।

गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर शनिवार रात "56 दुकान" गए थे और वह भी इस चाट-चौपाटी के मुरीदों में शामिल हो गए हैं।

जयशंकर ने प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के तहत युवा प्रवासी भारतीय दिवस समारोह को रविवार सुबह संबोधित करते वक्त याद किया कि वह 56 दुकान गए थे। उन्होंने कहा था, ‘‘लोगों ने अब तक इंदौर के बारे में देश के सबसे स्वच्छ शहर के तौर पर बात की है। लेकिन इस शहर को सबसे बड़े दिल, गर्मजोशी और गजब की मेजबानी के लिए भी पहचाना जाना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\