देश की खबरें | चुनाव नजदीक आने पर भाजपा साजिश रचकर दंगे कराती है : शिवपाल यादव

बलिया (उप्र), दो अगस्त समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने हरियाणा और मणिपुर में हुई हिंसा की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब भी चुनाव आते हैं, वह ‘‘साजिश रचती है और दंगे करवाती है।’’

यादव ने मंगलवार की शाम जिले के सहतवार में संवाददाताओं से बातचीत में दो राज्यों में हुई हिंसा को लेकर भाजपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। यादव ने कहा, ''भाजपा के लोग केवल तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। जब भी चुनाव आते हैं, वो षड्यंत्र करके दंगे करवाते हैं।''

हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को भीड़ द्वारा विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश के बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा में दो होमगार्ड कर्मियों समेत छह लोग मारे गए। राज्य सरकार के मुताबिक, अब तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शिवपाल ने आगामी लोकसभा चुनाव में सपा के बेहतरीन प्रदर्शन का दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा कम से कम पचास सीट (कुल 80 सीटों में से) जीतेगी।

पिछला लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर लड़ा था। सपा को जहां पांच सीटों पर जीत हासिल हुई थी वहीं बसपा ने 10 सीटें जीती थीं।

उन्होंने राजग में पिछले दिनों शामिल हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजभर के ऊपर अब ‘‘उनका समाज ही भरोसा नहीं कर रहा।’’

यादव ने कहा, ''ओम प्रकाश राजभर की बात का कोई ठिकाना नहीं है । वह क्या, कब, किसके लिए बोल दें। आपने सुना ही होगा कि विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के लिए उन्होंने क्या क्या कहा था।”

राजभर की पार्टी ने 2022 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ा था।

सं. जफर नरेश प्रशांत

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)