जयपुर, 16 अप्रैल उत्तर प्रदेश में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हत्या की आलोचना करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कानून के अनुसार होनी चाहिए।
गहलोत ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जो हो रहा है, वह आसान रास्ता है। कठिन रास्ता तब होता है जब आप कानून का पालन करते हैं और न्याय सुनिश्चित करते हैं।’’
उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की एकमात्र चिंता चुनाव जीतना है और उन्हें जनता की परवाह नहीं है।
गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कानून का राज होना ही चाहिए, अगर ऐसा नहीं है तो ऐसी घटना किसी के साथ भी हो सकती है। कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, तभी देश एकजुट होगा और सभी जातियों तथा धर्मों के लोगों का विश्वास बरकरार रहेगा।’’
उन्होंने संजीवनी सहकारी घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर भी निशाना साधा।
गहलोत ने कहा, ‘‘मैं मानता हूं, यह एक गंभीर मसला है... अगर ऐसा उत्तर प्रदेश में हुआ होता तो गजेंद्र सिंह सलाखों के पीछे होते। यह राजस्थान है और हम नियम से चलते हैं वरना वह जेल में होते।’’
बृहस्पतिवार को अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री उन्हें दोस्त कहते हैं, लेकिन फिर भी उनके (गहलोत) साथ ‘‘राजनीति’’ कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY