नयी दिल्ली, 22 जनवरी दक्षिण दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर उसके विशेष घोषणापत्र को लेकर हमला बोला और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल से पूछा कि उन्होंने अपनी सरकार में मध्यम वर्ग के लिए क्या किया है।
उन्होंने विभिन्न नागरिक मुद्दों को लेकर भी दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।
बिधूड़ी ने कहा, ‘‘मध्यम वर्ग की मांगों को केंद्र के सामने रखने से पहले केजरीवाल को यह बताना चाहिए कि उन्होंने पिछले दस सालों में दिल्ली में मध्यम वर्ग के लिए क्या किया है।’’
आम आदमी पार्टी ने बजट सत्र से पहले बुधवार को मध्यम वर्ग के लिए घोषणापत्र जारी किया, जिसमें केंद्र के समक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, कर छूट और पेंशन से संबंधित सात मांगें उठाई गईं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने घोषणापत्र में आठवें वेतन आयोग के तहत सभी श्रेणियों के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत की मांग की।
बिधूड़ी ने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह दिल्ली में मध्यम वर्ग के लिए जो उपदेश देते हैं, उसपर वह खड़ा नहीं उतर पाये हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अधिभार के नाम पर दिल्ली में बिजली की दरें देश में सबसे महंगी हो गई हैं। लोग बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं, क्योंकि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY