इंग्लैंड के ऐतिहासिक दौरे पर मैनचेस्टर पहुंची वेस्टइंडीज की टीम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान जैसन होल्डर की अगुवाई में वेस्टइंडीज का 39 सदस्यीय क्रिकेट दल कोविड-19 के कारण बदली हुई परिस्थितियों में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिये मंगलवार को मैनचेस्टर पहुंचा।
लंदन: कप्तान जैसन होल्डर की अगुवाई में वेस्टइंडीज का 39 सदस्यीय क्रिकेट दल कोविड-19 के कारण बदली हुई परिस्थितियों में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिये मंगलवार को मैनचेस्टर पहुंचा.कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही दुनिया भर में क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं और वेस्टइंडीज इसके बाद किसी देश का दौरा करने वाली पहली टीम बन गयी है। इस श्रृंखला के दौरान तीनों मैच जैव सुरक्षित वातावरण में खेले जाएंगे और दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं होगी. वेस्टइंडीज से रवाना होने से पहले सभी खिलाड़ियों का कोविड-19 परीक्षण करवाया गया था जिसमें सभी की रिपोर्ट ‘नेगेटिव’ आयी थी। खिलाड़ियों को सोमवार को कैरेबियाई क्षेत्र के विभिन्न द्वीपों से दो विमानों से लाया गया और फिर वे विशेष विमान से इंग्लैंड के लिये रवाना हुए.
कैरेबियाई टीम सात सप्ताह के इस दौरे में अभी ओल्ड ट्रैफर्ड में 14 दिन तक पृथकवास पर रहेगी जहां आखिरी दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों यहां पहुंचने पर फिर से कोविड-19 के लिये परीक्षण किया जाएगा। खिलाड़ियों को जैव सुरक्षित वातावरण में रहना होगा और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा. पहला टेस्ट मैच आठ जुलाई से एजेस बॉउल में खेला जाएगा जबकि दूसरा (16 से 20 जुलाई) और तीसरा (24 से 28 जुलाई) टेस्ट मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में होंगे। इस तरह से तीनों टेस्ट मैच 21 दिन के अंदर खेले जाएंगे. यह भी पढ़े | Asia Cup 2020: सौरव गांगुली और जय शाह ने ACC बैठक में हिस्सा लिया, एशिया कप पर फैसला टला.
इन स्थलों का चयन इसलिए किया गया है कि क्योंकि इनमें स्टेडियम के अंदर या उसके पास में होटल है और इनमें जैव सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के इन प्रयासों के बावजूद वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ियों डेरेन ब्रावो, शिमरोन हेटमेयर और कीमो पॉल ने अपने क्रिकेट बोर्ड से स्वविवेक से फैसला करने की छूट मिलने पर दौरे पर आने से इन्कार कर दिया. जैव सुरक्षित वातावरण में रहने के कारण खिलाड़ी अपने स्थल से बाहर नहीं निकल पाएगे और इसलिए वेस्टइंडीज ने दौरे के लिये 14 मुख्य खिलाड़ियों के अलावा 11 रिजर्व खिलाड़ियों को भी टीम में रखा है। रिजर्व खिलाड़ी टेस्ट टीम की तैयारियों में उनकी मदद करेंगे और किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर आसानी से उसकी जगह ले पाएंगे.
वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने रवाना होने से पहले इस दौरे को क्रिकेट के लिये बड़ा कदम करार दिया था. उन्होंने कहा, ‘‘हम श्रृंखला के लिये इंग्लैंड जा रहे हैं और यह खेलों विशेषकर क्रिकेट के लिये यह बहुत बड़ा कदम है. इस दौरे से क्रिकेट के फिर से ढर्रे पर लौटने की संभावना भी बन गयी है. श्रृंखला के दौरान खेलते हुए भी खिलाड़ियों को कुछ कड़े स्वास्थ्य नियमों का पालन करना होगाअंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की क्रिकेट समिति ने गेंद को चमकाने के लिये लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है जिसे बुधवार को होने वाली आईसीसी बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अलावा खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का लगातार परीक्षण किया जाएगा.
वेस्टइंडीज को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मई और जून में इंग्लैंड का दौरा करना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. बल्लेबाजी कोच मोंटी देसाई टीम के साथ इस दौरे पर नहीं गये हैं। वह अभी भारत में हैं जहां अभी कोविड-19 के कारण यात्रा प्रतिबंध लागू हैं। वेस्टइंडीज ने उनकी जगह फ्लॉयड रीफर को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वीडियो विश्लेषक ए आर श्रीकांत भारत में रहकर टीम की मदद करेंगे.
वेस्टइंडीज के दल में मुख्य कोच फिल सिमन्स, रीफर, सहायक कोच रोडी एस्टविक और रेयन ग्रिफिथ तथा चिकित्सा टीम भी शामिल है. वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम : जैसन होल्डर (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड, नक्रुमा बोनर, क्रैग ब्रैथवेट, शमर ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज, रकीम कॉर्नवाल, शेन डाउरिच, केमार होल्डर, शाई होप, अल्जारी जोसेफ, रेमन रीफर और केमार रोच.
रिजर्व खिलाड़ी : सुनील अंबरीस, जोशुआ डासिल्वा, शैनन गेब्रियल, कीन हार्डिंग, काइल मेयर, प्रेस्टन मैकस्वीन, मार्क्विनो मिंडले, शाइनी मोसले, एंडरसन फिलिप, ओशेन थॉमस और जोमेल वार्रिकान.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2020 03:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

