देश की खबरें | पश्चिम बंगाल : किशोरी के साथ बलात्कार, हत्या को लेकर कालियागंज में हिंसा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के कालियागंज में एक किशोरी के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद उसकी हत्या किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बाद शनिवार को वहां नए सिरे से हिंसा भड़क गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कालियागंज, 22 अप्रैल पश्चिम बंगाल के कालियागंज में एक किशोरी के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद उसकी हत्या किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन के बाद शनिवार को वहां नए सिरे से हिंसा भड़क गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के कलियागंज में भीड़ की भारत-बांग्लादेश सीमा के पास वाले इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और बल प्रयोग किया।
स्थिति नियंत्रित किए जाने से पहले दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही भीड़ ने कई दुकानों और ई-रिक्शा को आग के हवाले कर दिया। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने किशोरी के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद उसकी हत्या किए जाने के विरोध में राज्य में विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि हिंसा में शामिल कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सड़कों पर टायर जलाकर यातायात अवरुद्ध कर दिया और पुलिस कर्मियों पर पथराव किया।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले के पुलिस प्रमुख के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें लगता है कि मामले की जांच सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) से कराने पर ही सच्चाई सामने आएगी।’’
राष्ट्रीय महिला आयोग की एक टीम भी मौके पर पहुंची है और घटना के संबंध में राज्य पुलिस से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी का शव शुक्रवार को एक नहर से बरामद हुआ था।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में अभी तक कोई गिरफ्तार नहीं हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2023 07:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

