West Bengal: जयनगर में तृणमूल नेता की हत्या के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
कोलकाता, 20 नवंबर: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया. जयनगर के बामुनगाची क्षेत्र में तृणमूल क्षेत्र अध्यक्ष सैफुद्दीन लस्कर (47) की 13 नवंबर की सुबह उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लस्कर के समर्थकों ने दो कथित हमलावरों को पकड़ लिया था और उनमें से एक को पीट-पीट कर मार डाला. उन्होंने बताया कि एक अन्य को पुलिस ने बचा लिया और गिरफ्तार कर लिया.
हत्या के सिलसिले में रविवार रात गिरफ्तार किए गए तीन लोग इलाके में तृणमूल कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे. हालांकि, पीट-पीटकर मार डालने के सिलसिले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. घटना के बाद, स्थानीय तृणमूल विधायक विश्वनाथ दास ने दावा किया था कि लस्कर की हत्या के पीछे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित गुंडों का हाथ था.
घटना के बाद पड़ोसी दलुआखाली गांव में कई घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई और आग लगा दी गई. दलुआखाली के कुछ प्रभावित लोगों ने दावा किया कि चूंकि वे माकपा समर्थक हैं इसीलिए उनके घरों को निशाना बनाया गया और कई पर हमला किया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में उनके घरों में आग लगाई गई और दमकल गाड़ियों को आग बुझाने से रोका गया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उनसे पूछताछ की जाएगी.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2023 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

