देश की खबरें | पीएफआई के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष को असम पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष को असम पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया और उसे अदालत में पेश करने के लिए यहां लाया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी, 23 सितंबर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पश्चिम बंगाल अध्यक्ष को असम पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया और उसे अदालत में पेश करने के लिए यहां लाया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पीएफआई के नेता मिनारुल शेख को बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात को साढ़े बारह बजे राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया गया और गुवाहाटी लाया गया।
शेख को विशेष अभियान इकाई (एसओयू) के एक मामले में आरोपी बनाया गया है और राजद्रोह, आपराधिक साजिश, दुश्मनी को बढ़ावा देने समेत भारतीय दंड संहिता की विविध धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीएफआई के एक अन्य कार्यकर्ता बजरुल करीम को असम के करीमगंज से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया और उसे देर रात यहां लाया गया।
करीम पीएफआई के बराक घाटी जिला समिति का महासचिव है और राज्य कार्यकारिणी का सदस्य है। शेख की गिरफ्तारी के बाद असम पुलिस द्वारा अब तक पीएफआई के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनमें से नौ आरोपियों को बृहस्पतिवार को, पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। एक दिन पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 15 राज्यों में एक साथ छापेमारी कर बड़े स्तर पर पीएफआई के सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)