देश की खबरें | पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष ने आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी की गिरफ्तारी का समर्थन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी की गिरफ्तारी का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
कोलकाता, 24 फरवरी पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी की गिरफ्तारी का समर्थन करते हुए शुक्रवार को कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
बनर्जी ने हाल में सिद्दीकी के ‘‘बहुत लंबे समय’’ तक सलाखों के पीछे रहने पर अप्रसन्नता व्यक्त की थी।
आईएसएफ के एकमात्र विधायक सिद्दीकी को पिछले महीने मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में पुलिसकर्मियों और पार्टी समर्थकों के बीच झड़प के बाद गिरफ्तार किया गया था। झड़पों में कई पुलिसकर्मी घायल हो गये थे।
बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर उन्होंने कोई गलती की है तो कानून अपना काम करेगा। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। हमारे दो विधायक भी जेल में हैं।’’
विधानसभा अध्यक्ष तृणमूल कांग्रेस के जिन दो विधायकों का जिक्र कर रहे थे, वे माणिक भट्टाचार्य और पार्थ चटर्जी हैं। इन दोनों विधायकों को स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) घोटाले में गिरफ्तार किया गया था।
बनर्जी ने दो दिन पहले कहा था, ‘‘वह (सिद्दीकी) पूरे बजट सत्र के दौरान मौजूद नहीं थे। मुझे नहीं पता कि उनके वकील क्या कर रहे हैं। मुझे नहीं पता कि उन्होंने वास्तव में क्या किया है, और उन्हें अब तक जेल से बाहर होना चाहिए था।’’
हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष के बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि शायद वह सत्ताधारी दल के दबाव में हैं।
भाजपा के मुख्य सचेतक मनोज तिग्गा ने कहा, ‘‘हो सकता है कि तृणमूल कांग्रेस को उनका शुरुआती बयान पसंद नहीं आया, इसलिए उन्हें नया बयान देना पड़ा। हम सभी जानते हैं कि सिद्दीकी के साथ जो कुछ हो रहा है वह घोर अन्याय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)