ताजा खबरें | हमें ‘‘विरासत टैक्स’’ लगाने वाली सरकार, पार्टी नहीं चाहिए: योगी आदित्यनाथ
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इसका ‘‘विरासत टैक्स’’ औरंगजेब के समय का जजिया कर है और इस तरह का कर लगाने वाली सरकार, पार्टी हमें नहीं चाहिए।
बेतिया/मोतिहारी, 23 मई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इसका ‘‘विरासत टैक्स’’ औरंगजेब के समय का जजिया कर है और इस तरह का कर लगाने वाली सरकार, पार्टी हमें नहीं चाहिए।
योगी ने बिहार के पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
पश्चिमी चंपारण में सभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) देश का सम्मान बढ़ा रहे हैं। देश की रक्षा, समृद्धि, विकास, विरासत और गरीब कल्याण के लिए काम कर रहे हैं वहीं कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन का मकसद सत्ता हासिल करना और लूटना है।’’
उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से सवाल करते हुए कहा, ‘‘क्या आप इन्हें लूटने की आजादी देंगे। कतई नहीं देना।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) और भाजपा की सरकार ने बिहार को जिस अराजकता से उबारा है आज राज्य को उधर नहीं जाने देना है।’’
आदित्यनाथ ने राजग के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘घोषणापत्र देखिए मोदी जी ने कहा है कि आत्मनिर्भर विकसित भारत बनाएंगे लेकिन कांग्रेस और उनके सहयोगी क्या कहते हैं सभी अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण मुस्लिमों को दे देना चाहिए। क्या ऐसा होना चाहिए।’’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘और दूसरी खतरनाक बात है... राहुल गांधी ने कहा मैं हरेक परिवार की संपत्ति का सर्वेक्षण कराऊंगा और उस पर ‘‘विरासत टैक्स’’ लगाऊंगा। इसका मतलब है कि आपके पूर्वजों की संपत्ति में से आधी ये लोग ले लेंगे और उसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भारत में आये घुसपैठियों को दे देंगे।’’
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘आपका दो कमरों घर है जो आपके पूर्वजों ने दिया। ये आपको उस घर के एक कमरे में ही रहने देंगे और एक कमरा जबरदस्ती किसी मुस्लिम को दे देंगे। क्या आप इसे स्वीकार करोगे?’’
उन्होंने कहा, ‘‘लगता है कांग्रेस के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है।’’
योगी ने कहा, ‘‘विरासत कर वही है जो औरंगजेब के समय में जजिया कर था और हिंदुओं पर लगाया था। हमें जजिया कर वाली सरकार, पार्टी नहीं चाहिए।’’
उन्होंने सच्चर समिति की सिफारिशों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण में से छह प्रतिशत आरक्षण मुसलमानों को देना चाहती थी।
योगी ने आगे कहा, ‘‘पहले तो कांग्रेस और राजद के शासनकाल में आतंकवाद की बड़ी-बड़ी घटनाएं होती थीं और आज मोदी जी के नेतृत्व में आतंकवाद का सफाया हो गया है। आज अगर जोर से पटाखा फट जाए तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है क्योंकि उसे मालूम है कि यह नया भारत है। छेड़ेगा नहीं।’’
उन्होंने राजद और कांग्रेस पर अपना प्रहार जारी रखते हुए कहा, ‘‘वे कहते हैं कि सत्ता में आने पर पर्सनल लॅा लागू करेंगे। पर्सनल लॅा का मतलब ‘‘तालिबानी शासन’’ को फिर से लाना। ये अल्पसंख्यकों को खान-पान की स्वतंत्रता देने की बात करते हैं। कहते हैं कि उन्हें गोकशी की छूट देंगे।’’
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसकी बिहार सहयोगी राजद भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी।
उन्होंने लोगों से राजग के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा, ‘‘मौजूदा चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच का चुनाव है। जो राम को लाये हैं, हम उनको लायेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में राजग देश में 400 से अधिक सीटें जीतेगा क्योंकि लोग चाहते हैं कि यह देश विकसित भारत बने।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)