खेल की खबरें | हम अधिक आक्रामक खेलने वाले खिलाड़ियों की तलाश कर रहे हैं: स्टिमक

दोहा, 17 जनवरी भारतीय मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने बुधवार को कहा कि टीम में कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं लेकिन इसके बावजूद वे गुरुवार को यहां एएफसी एशियाई कप में उज्बेकिस्तान के खिलाफ पूरे अंक हासिल करने की कोशिश में जरा भी कमी नहीं छोड़ेंगे।

भारत को टूर्नामेंट के प्रबल दावेदार आस्ट्रेलिया से पहले मैच में 0-2 से हार मिली जबकि टीम ने 50वें मिनट में प्रतिद्वंद्वी को कोई गोल नहीं करने दिया था। वहीं ऊंची रैंकिंग पर काबिज उज्बेकिस्तान और सीरिया के बीच मैच गोल रहित ड्रा रहा था।

भारतीय टीम के कोच स्टिमक ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए बहुत बड़ा मैच है। पहला मैच खिलाड़ियों के लिए एक अनुभव था, और अब हमें एक और मुश्किल मैच में खेलना हैं। उज्बेकिस्तान काफी प्रतिस्पर्धी टीम है और पिछले मैच में वे जीत नहीं सके तो हमें उनसे काफी दबाव की उम्मीद है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमारे खिलाड़ी इस चुनौती के लिए तैयार हैं। हम इस मौके से खुश हैं और हम मैच जीतकर तीन अंक हासिल करना चाहेंगे। ’’

भारत ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर है जबकि सीरिया और उज्बेकिस्तान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

इस ग्रुप बी में शीर्ष तीन स्थान सभी टीम के लिए खुले हुए हैं।

स्टिमक ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद हमारे कुछ खिलाड़ियों को चोटों की समस्या है इसलिए हम देखेंगे कि हम उज्बेकिस्तान के खिलाफ किन खिलाड़ियों को उतारेंगे। ’’

उन्होंने आक्रामक खेलने की महत्ता बताते हुए कहा, ‘‘हम अधिक आक्रामक खेलने वाले खिलाड़ियों को देख रहे हैं। हमने आस्ट्रेलिया के खिलाफ देखा कि गेंद को खेलने के बजाय हम फ्लैंक से आक्रामक खेल दिखा सकते थे। वर्ना वे आपको थकाते रहेंगे। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)