महाराष्ट्र के बांधों में जल भंडार पिछले साल से लगभग तीन गुना ज्यादा
राज्य ने पिछले कुछ वर्षों से लगातार सूखे का सामना किया है। हालांकि, पिछले साल राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी।
मुंबई, 16 मई महाराष्ट्र में भले ही कोरोना वायरस के कारण स्थिति विकट हो लेकिन जल भंडार के लिहाज से वहां इस समय थोड़ी राहत है क्योंकि पिछले साल इसी अवधि की तुलना में इस बार राज्य में करीब तीन गुना ज्यादा उपयोगी जल भंडार उपलब्ध है।
राज्य ने पिछले कुछ वर्षों से लगातार सूखे का सामना किया है। हालांकि, पिछले साल राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी।
महाराष्ट्र सरकार की शनिवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य भर में 3,267 बड़े, मध्यम एवं छोटे जलाशयों में 16,472.13 मिलियन घन मीटर जल भंडार दर्ज किया गया है जो 40,897.95 मिलियन घन मीटर की कुल क्षमता का 40.28 प्रतिशत है।
पिछले साल इसी दिन, इन सभी बांधों में उपलब्ध जल भंडार 14.8 प्रतिशत था।
हालांकि मराठवाड़ा क्षेत्र के मांजरा (बीड) समेत कुछ बड़े बांधों में पिछले साल की ही तरह इस साल भी उपयोगी जल का भंडार कम है।
मराठवाड़ा के औरंगाबाद मंडल में नौ बड़े बांधों में अब तक 1,792.31 मिलियन घन मीटर उपयोगी जल भंडार है जो कि इनकी 4,097.77 मिलियन घन मीटर की कुल जल भंडार क्षमता का 43.74 प्रतिशत है।
पिछले वर्ष, औरंगाबाद, बीड, हिंगोली, नांदेड़, उस्मानाबाद और परभणी जिलों के इन बांधों में जल भंडार महज 0.44 प्रतिशत था।
औरंगाबाद जिले की एक प्रमुख परियोजना पैठन में जयकवाड़ी बांध पिछले साल सूख (उपयोगी जल के लिहाज से) गया था। हालांकि इस साल इसमें 1,006.32 मिलियन घन मीटर उपयोगी जल भंडार की मौजूद है जो उसकी कुल क्षमता 2,170.93 मिलियन घन मीटर का 46.35 प्रतिशत है।
इसी तरह मजलगांव (बीड) येलदारी और सिद्धेश्वर (हिंगोली) और लोअर टर्ना (उस्मानाबाद) में इस साल जल भंडार की स्थिति बेहतर है।
हालांकि, मंजरा, सिना कोलेगांव (उस्मानाबाद) और लोअर दुधाना बांधों में पिछले साल की ही तरह इस साल भी उपयोगी जल समाप्त हो गया है।
विदर्भ के अमरावती क्षेत्र के 10 बड़े बांधों में तापमान बढ़ने के बाद जल सूख जाता है। वर्तमान में इनमे उपयोगी जल 1,187.69 मिलियन घन मीटर है जो कुल क्षमता 2,482.65 मिलियन घन मीटर का 47.84 प्रतिशत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 07:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

