देश की खबरें | यमुना में जल स्तर ‘खतरे के निशान’ के करीब पहुंचा, अलर्ट जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली प्रशासन ने यमुना नदी में जल स्तर बढ़कर 205.22 मीटर पहुंचने पर शुक्रवार को ‘‘अलर्ट’’ जारी किया है। उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने के कारण यमुना में जल स्तर बढ़कर खतरे के निशान 205.33 मीटर के बेहद करीब पहुंच गया है।
नयी दिल्ली, 30 जुलाई दिल्ली प्रशासन ने यमुना नदी में जल स्तर बढ़कर 205.22 मीटर पहुंचने पर शुक्रवार को ‘‘अलर्ट’’ जारी किया है। उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने के कारण यमुना में जल स्तर बढ़कर खतरे के निशान 205.33 मीटर के बेहद करीब पहुंच गया है।
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने अलग-अलग इलाको में 13 नौकाओं को तैनात किया है तथा 21 अन्य को तैयार रखा है।
हरियाणा द्वारा हथनीकुंड बैराज से यमुना में और पानी छोड़े जाने पर दिल्ली पुलिस और पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन ने राजधानी में यमुना के मैदानी इलाकों में रह रहे लोगों से स्थान खाली कराना शुरू कर दिया है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इन लोगों को यमुना पुश्ता इलाके में शहर की सरकार के आश्रय गृहों में ले जाया जा रहा है।’’ सुबह साढ़े आठ बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर जल स्तर 205.22 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को रात साढ़े आठ बजे यह 203.74 मीटर दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह छह बजे जल स्तर 205.10 मीटर और सात बजे 205.17 मीटर था।’’ जल स्तर और बढ़ सकता है।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का अलर्ट तब जारी किया जाता है जब यमुना का जल स्तर 204.50 मीटर के ‘‘खतरे के निशान’’ को पार करता है। चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में बारिश के कारण नदी उफान पर है। उत्तर पश्चिम भारत में और बारिश की संभावना के कारण नदी और उफान पर हो सकती है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को तीसरे दिन दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश के लिए ‘‘ओरेंज अलर्ट’’ जारी किया है।
दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, हथनीकुंड बैराज पर पानी छोड़ने की दर मंगलवार दोपहर को 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल अभी तक सबसे अधिक है। बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं।
हरियाणा ने सुबह आठ बजे तक यमुनानगर में स्थित बैराज से 19,056 क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा। बृहस्पतिवार को रात आठ बजे तक 25,839 क्यूसेक की दर से पानी छोड़ा गया था। सामान्यत: हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2021 11:47 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

