देश की खबरें | उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी, शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को बारिश का दौर जारी रहा जबकि शुक्रवार को भी भारी एवं बहुत भारी बारिश का मौसम विभाग द्वारा ‘रेड अलर्ट’ जारी किये जाने को ध्यान में रखकर स्कूलों को बंद रखे जाने के आदेश दिए गए हैं ।
देहरादून, 12 सितंबर उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को बारिश का दौर जारी रहा जबकि शुक्रवार को भी भारी एवं बहुत भारी बारिश का मौसम विभाग द्वारा ‘रेड अलर्ट’ जारी किये जाने को ध्यान में रखकर स्कूलों को बंद रखे जाने के आदेश दिए गए हैं ।
यहां तड़के शुरू हुई बारिश रूक-रूक कर दिन भर जारी रही और जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के बारिश के ‘रेड अलर्ट’ को देखते हुए एहतियातन बृहस्पतिवार को सभी स्कूल बंद रखे । चमोली जिले में भी स्कूल बंद रखे गए।
गढ़वाल और कुमांउ, दोनों क्षेत्रों के पहाड़ी इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। गढ़वाल के उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऋतु का पहला हिमपात भी हुआ।
देहरादून मौसम केंद्र के एक वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में 5000 मीटर से ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात होने की सूचना मिली है।
इस बीच, केदारनाथ पैदल मार्ग पर बारिश के कारण फंस गए तीर्थयात्रियों से गौरीकुंड के होटल मालिकों ने केवल एक ही दिन का किराया लेने का निर्णय लिया है।
गौरीकुंड व्यापार मंडल ने बताया कि ज्यादा बारिश से सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग बंद हो गया है जिसकी वजह से गौरीकुंड में यात्रियों को ज्यादा समय रूकना पड़ रहा है, ऐसे में उनसे केवल एक दिन का ही किराया लिया जाएगा।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों को पूरी सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
अपने पत्र में प्राधिकरण ने कहा है कि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को चमोली, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर एवं हरिद्वार तथा शुक्रवार को देहरादून,पौड़ी, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर एवं हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
प्राधिकरण ने कहा कि इससे मैदानी जिलों में जलभराव तथा पहाड़ी जिलों में भूस्खलन होने की आंशका है जिसे देखते हुए पूरी सावधानी बरती जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 12, 2024 11:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

