एजेंसी न्यूज

लार और गेंद से छेड़खानी से बचने के लिये वार्न का भारी गेंदों के इस्तेमाल का सुझाव

वार्न का मानना है कि इससे तेज गेंदबाजों को सपाट विकेटों पर भी स्विंग लेने में मदद मिलेगी ।

लार और गेंद से छेड़खानी से बचने के लिये वार्न का भारी गेंदों के इस्तेमाल का सुझाव

मेलबर्न, पांच मई कोरोना वायरस महामारी के बाद क्रिकेट खेलते समय गेंद को स्विंग कराने के लिये लार के उपयोग या कृत्रिम पदार्थ के इस्तेमाल को लेकर चल रही बहस के बीच आस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने सुझाव दिया है कि गेंद को एक तरफ से भारी रखें ताकि चमक की जरूरत ही नहीं रहे ।

वार्न का मानना है कि इससे तेज गेंदबाजों को सपाट विकेटों पर भी स्विंग लेने में मदद मिलेगी ।

उन्होंने ‘स्काइ स्पोटर्स’ के क्रिकेट पॉडकास्ट में कहा ,‘‘गेंद को एक तरफ से भारी क्यों नहीं बनाया जा सकता ताकि ये हमेशा स्विंग ले । यह एक टेप लगाई हुई टेनिस गेंद या लॉन बॉल की तरह रहेगी ।’’

ऐसी अटकलें हैं कि संक्रमण की संभावना को देखते हुए गेंद पर लार के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई जा सकती है । आस्ट्रेलिया की गेंद निर्माता कंपनी कूकाबूरा ने मोम का एप्लीकेटर बनाना शुरू कर दिया है जो लार और पसीने का विकल्प होगा । यह एक महीने में तैयार हो जायेगा ।

वार्न ने कहा ,‘‘ मुझे नहीं पता कि क्या आप वकार युनूस या वसीम अकरम जैसी स्विंग लाना चाहते हैं । लेकिन इससे सपाट पिचों पर भी स्विंग मिल जायेगी । यह आगे बढने का सही तरीका होगा और गेंद के साथ छेड़खानी भी नहीं करनी होगी ।’’

उन्होंने कहा कि इतने साल में बल्ले बड़े और हल्के हो गए हैं लेकिन गेंद में कोई बदलाव नहीं किया गया । उन्होंने कहा कि इस सुझाव से गेंद और बल्ले में संतुलन स्थापित हो सकता है ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 12:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).