देश की खबरें | उद्धव, आदित्य की तस्वीरों को लेकर शिवसेना के दोनों गुटों के नेताओं में वाक युद्ध

मुंबई, दो अगस्त उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरों को बागी विधायकों के दफ्तरों से हटाने को लेकर मंगलवार को शिवसेना के दोनों गुटों के नेताओं के बीच वाक युद्ध हो गया।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन करने वाले विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि हम उन लोगों के फोटो नहीं लगाएंगे, जो ‘हमें गद्दार कहते हैं।”

हालांकि, उन्होंने कहा कि शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे उनके लिए हमेशा एक सम्मानित शख्सियत रहेंगे।

उद्धव नीत गुट के नेता, खासकर उनके बेटे आदित्य ठाकरे बागी विधायकों को ‘गद्दार’ बता रहे हैं।

उद्धव के वफादार एवं शिवसेना सचिव विनायक राउत ने कहा, “गद्दारों के कार्यालय में आदित्य जी और उद्धव जी की तस्वीरों की कोई जरूरत नहीं है और उन्हें उनकी तस्वीरें लगाने का कोई अधिकार नहीं है। उद्धव जी और आदित्य जी इन पापियों की साजिश का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं।”

हालांकि, विद्रोही विधायक प्रताप सरनाइक ने कहा कि ठाकरे परिवार हमेशा उनके दिल में रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)