देश की खबरें | वक्फ विधेयक सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम: मुख्यमंत्री सैनी

चंडीगढ़, चार अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक को सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया और कहा कि इससे दबे-कुचले और पिछड़े मुसलमानों के कल्याण में मदद मिलेगी।

सैनी ने कहा कि शुक्रवार को संसद की मंजूरी प्राप्त कर चुका विधेयक, ‘मोदी की गारंटी’ और ‘सबका साथ, सबका विकास' के आदर्शों के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का एक और सबूत है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘दोनों सदनों में वक्फ (संशोधन) विधेयक और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक के पारित होने पर मैं समस्त देशवासियों को बधाई देता हूं।’’

संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद बृहस्पतिवार को लोकसभा में और शुक्रवार की सुबह राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित हो गया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह विधेयक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, यह ‘मोदी की गारंटी’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर एक और मुहर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह प्रधानमंत्री ने मुस्लिम बहनों को ‘तीन तलाक’ से मुक्ति दिलाने का काम किया, उसी तरह से वक्फ (संशोधन) विधेयक और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक तमाम दबे-कुचले, पिछड़े मुस्लिम भाई-बहनों के कल्याण के लिए एक बड़ी पहल है।’’

सैनी ने इस ऐतिहासिक, दूरदर्शी, अभूतपूर्व निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह और किरेन रीजीजू की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)