देश की खबरें | दिल्ली में संपत्ति विवाद में अपनी मां की हत्या की आरोपी वांछित महिला गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली के रनहौला इलाके में पैतृक संपत्ति के बंटवारे के विवाद में कथित तौर पर भाई का पक्ष लेने पर अपनी मां की गला रेतकर हत्या करने की आरोपी दो बहनों में से वांछित दूसरी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दिसंबर 2023 में मां की नृशंस हत्या के सिलसिले में सबसे छोटी बेटी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बड़ी बेटी (46) करीब एक साल से फरार थी।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) हर्ष इंदौरा ने बताया, "30 दिसंबर, 2023 की सुबह पीड़िता अपने खेत में मवेशियों को चारा खिलाने गई थी। बाद में उसकी बहू को चारा रखने वाले कमरे में उसका शव मिला।"

उन्होंने बताया कि उस समय बिजली नहीं थी और अंधेरे में झाड़ू ढूंढते समय बहू का हाथ खून से लथपथ सास के शव से टकराया। उसने शोर मचाया और अपने पति को इसकी सूचना दी।

इसके बाद पत चला कि बुजुर्ग महिला का गला कर उसकी हत्या की गयी है। फिर पुलिस को इसकी सूचना दी गयी।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हत्या पैतृक संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद का परिणाम थी, क्योंकि बेटियां कथित तौर पर संपत्ति के बंटवारे के कारण परेशान थीं।

डीसीपी ने बताया कि सबसे छोटी आरोपी (महिला की बेटी) को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसकी बड़ी बहन भागने में सफल रही और कई महीनों तक उनका पता नहीं चल सका।

अधिकारी ने बताया, "पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी बहन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। ​​उसने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी और अपनी मां से नाराज थी क्योंकि उसने भाई का साथ दिया था। महिला का दावा है कि उसके भाई ने उसे पारिवारिक संपत्ति में हिस्सा देने से मना कर दिया था।"

डीसीपी ने कहा, "घटना वाले दिन दोनों बहनों ने कथित तौर पर एक टैक्सी बुक की, रनहौला की यात्रा की और रसोई वाले चाकू से हत्या को अंजाम दिया। छोटी बहन ने भूखण्ड में प्रवेश कर हमला किया, बड़ी बहन बाहर इंतजार करती रही। हत्या के बाद, दोनों घटनास्थल से भाग गईं।"

इस वर्ष के प्रारंभ में बड़ी बहन के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था तथा दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।

आरोपी के संभावित ठिकाने के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद उसे नजफगढ़ के नंदा एन्क्लेव से गिरफ्तार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)