देश की खबरें | ठाणे में भारी बारिश के बाद दीवार ढही, कोई हताहत नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश के बाद एक हाउसिंग सोसाइटी के सामने स्थित नाले की दीवार ढह गई। वहीं, बाईपास पर एक बड़ा पत्थर गिर गया। नगर निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, 26 सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भारी बारिश के बाद एक हाउसिंग सोसाइटी के सामने स्थित नाले की दीवार ढह गई। वहीं, बाईपास पर एक बड़ा पत्थर गिर गया। नगर निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि बुधवार को हुई इन घटनाओं में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि ठाणे में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में 82.02 मिमी बारिश हुई।
अधिकारी ने बताया कि इस अवधि के दौरान आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को 23 शिकायतें मिलीं, जिनमें से नौ जलभराव और तीन पेड़ गिरने की थीं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को भारी बारिश के बाद ठाणे के श्रीनगर इलाके में एक हाउसिंग सोसायटी के सामने स्थित उफनते नाले की दीवार का एक हिस्सा रात करीब आठ बजे ढह गया।
अधिकारी ने बताया कि दीवार का बाकी हिस्सा भी खतरनाक स्थिति में था, इसलिए एहतियात के तौर पर उसकी चारों ओर से घेराबंदी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मुंब्रा बाईपास पर टोल जंक्शन के पास रात करीब नौ बजे एक बड़ा पत्थर गिर गया जिससे यातायात बाधित हो गया।
अधिकारी ने बताया कि पत्थर गिरने के बाद वाहनों में सवार कुछ लोग बाल-बाल बच गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद स्थानीय अग्निशमन कर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग से पत्थर हटाया। करीब एक घंटे बाद सड़क पर यातायात बहाल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि इस मानसून में जून से अब तक ठाणे में 3,211.83 मिमी बारिश हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 3,217.73 मिमी बारिश हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 26, 2024 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

