एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर शनिवार को मतदान होगा; खट्टर, कुमारी सैलजा भी मैदान में

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. हरियाणा की 10 लोकसभा सीट के लिए चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के वास्ते शनिवार को मतदान होगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

ताजा खबरें | हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर शनिवार को मतदान होगा; खट्टर, कुमारी सैलजा भी मैदान में

चंडीगढ़, 24 मई हरियाणा की 10 लोकसभा सीट के लिए चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के वास्ते शनिवार को मतदान होगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं और राज्य में दो करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

वर्ष 2019 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।

लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।

करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है, जबकि करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपचुनाव लड़ रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। हिसार जैसी सीट पर हालांकि बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

हिसार लोकसभा क्षेत्र में बिजली मंत्री एवं भाजपा नेता रणजीत सिंह चौटाला का मुकाबला चौटाला परिवार के दो सदस्यों जननायक जनता पार्टी (जजपा) की नैना चौटाला और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की सुनैना चौटाला से है।

भाजपा ने उद्योगपति एवं कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता और इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला से है।

केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर क्रमशः गुरुग्राम और फरीदाबाद सीट से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता राज बब्बर को गुरुग्राम से मैदान में उतारा है।

सिरसा से कांग्रेस की कुमारी सैलजा और भाजपा के अशोक तंवर चुनाव लड़ रहे हैं। रोहतक में दीपेंद्र सिंह हुड्डा का मुकाबला भाजपा के अरविंद शर्मा से है।

छठे चरण के लिए बृहस्पतिवार की शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हुआ था। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत भाजपा के कई नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और अरविंद केजरीवाल ने भी अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते हरसंभव प्रयास किये।

जजपा, इनेलो और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। जजपा के 10, बसपा के नौ और इनेलो के सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

कुछ मौजूदा विधायक भी मैदान में हैं, जिनमें कुरूक्षेत्र से इनेलो के उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला भी शामिल हैं। कांग्रेस के मौजूदा विधायकों वरुण चौधरी और राव दान सिंह क्रमश: अंबाला और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा विधायक मोहन लाल बड़ौली सोनीपत से और जजपा की नैना चौटाला हिसार से चुनाव लड़ रही हैं।

भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सैनी ने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सैनी करनाल विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं।

उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। विधायक पद से खट्टर के इस्तीफे के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि राज्य में 2,00,76,768 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 94,23,956 महिलाएं और 467 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाता शामिल हैं।

अग्रवाल ने बताया कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए राज्य में कुल 45,576 ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही 24,039 कंट्रोल यूनिट और 26,040 वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 35,000 से अधिक पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 112 कंपनियां तैनात की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24,000 से अधिक होमगार्ड पूरे क्षेत्र में तैनात किए जाएंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राज्य के भीतर और अंतरराज्यीय सीमाओं पर 300 चौकियां स्थापित की जाएंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2024 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).