देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में रायपुर शहर दक्षिण सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को मतदान होगा। इस सीट पर 30 उम्मीदवार मैदान में हैं।

रायपुर, 12 नवंबर छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को मतदान होगा। इस सीट पर 30 उम्मीदवार मैदान में हैं।

रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद भाजपा विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से यह सीट रिक्त है।

चुनाव कार्य से जुड़े एक अधिकारी ने मंगलवार को यहां बताया, ‘‘रायपुर शहर दक्षिण में 13 नवंबर को स्वतंत्र और निष्पक्ष उपचुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है।’’

अधिकारियों ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र में 1,33,800 पुरुष और 1,37,317 महिला तथा 52 ट्रांसजेंडर सहित 2,71,169 मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए कुल 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की पांच कंपनियां तैनात की जा रही है। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

उन्होंने बताया कि मतदान दलों को मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों की कड़ी निगरानी में अपने-अपने बूथों के लिए रवाना किया गया।

उपचुनाव में 30 उम्मीदवार मैदान में हैं, हालांकि यहां सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

भाजपा ने रायपुर के पूर्व सांसद और पूर्व महापौर सुनील कुमार सोनी को मैदान में उतारा है, जबकि विपक्ष ने युवा चेहरे आकाश शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। शर्मा युवा कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\