देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में मतदान 35 साल में सर्वाधिक, विधानसभा चुनाव शीघ्र कराने का निर्वाचन आयोग का संकेत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. निर्वाचन आयोग (ईसी) ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के दौरान पिछले 35 साल में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। आयोग ने कहा कि वर्ष 2019 के आम चुनाव के मुकाबले इस साल के लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत में 30 अंक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

नयी दिल्ली, 27 मई निर्वाचन आयोग (ईसी) ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के दौरान पिछले 35 साल में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। आयोग ने कहा कि वर्ष 2019 के आम चुनाव के मुकाबले इस साल के लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत में 30 अंक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मतदान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘यह सक्रिय भागीदारी जल्द ही होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात है ताकि केंद्र शासित प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया जारी रहे।’’

आयोग ने यह भी कहा कि पांच लोकसभा सीट वाले पूरे केंद्र शासित प्रदेश के मतदान केंद्रों पर संयुक्त मतदान प्रतिशत 58.46 रहा।

सीईसी कुमार ने शनिवार को ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा था कि लोकसभा चुनाव में जम्मू-कश्मीर के मतदान प्रतिशत से उत्साहित आयोग ‘बहुत जल्द’ केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

कश्मीर घाटी की तीन लोकसभा सीट श्रीनगर, बारामूला और अनंतनाग-राजौरी सीट पर क्रमश: 38.49 फीसदी, 59.1 फीसदी और 54.84 फीसदी मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।

केंद्रशासित प्रदेश की अन्य दो सीट उधमपुर और जम्मू में मतदान प्रतिशत क्रमश: 68.27 फीसदी और 72.22 फीसदी रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\