एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | झारखंड में तीन लोकसभा सीट के लिए मतदान जारी

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. झारखंड में तीन लोकसभा सीट के लिए शनिवार सुबह से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ताजा खबरें | झारखंड में तीन लोकसभा सीट के लिए मतदान जारी

रांची, एक जून झारखंड में तीन लोकसभा सीट के लिए शनिवार सुबह से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दुमका, राजमहल और गोड्डा निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में राज्य में आठ महिलाओं सहित कुल 52 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यह राज्य का चौथा और देश भर में होने वाला सातवें चरण का चुनाव है। दुमका और गोड्डा में 19-19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जबकि राजमहल में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 53.23 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं जिनमें गोड्डा में सबसे अधिक 20.28 लाख मतदाता हैं जबकि दुमका में सबसे कम 15.91 लाख मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग के दो लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करने के पात्र हैं जबकि 439 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों (पीडब्ल्यूडी) को मतदान केंद्रों तक लाने और ले जाने के लिए व्यवस्था की गई है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से राज्य में लगभग 135 करोड़ रुपये की अवैध वस्तुएं और नकदी जब्त की गई है।

राज्य में कुल 6,258 मतदान केंद्र हैं जिनमें से 5,769 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

सभी की निगाहें दुमका सीट पर हैं जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार सीता सोरेन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के नलिन सोरेन से है।

सीता सोरेन जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमेंत सोरेन की भाभी हैं।

गोड्डा में भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवार प्रदीप यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

राजमहल लोकसभा सीट पर दिलचस्प मुकाबला होने की संभावना है। इस सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बोरियो से विधायक लोबिन हेम्ब्रोम झामुमो

के मौजूदा सांसद विजय हंसदक के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट पर अपनी झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी को मैदान में उतारा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2024 08:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).