देश की खबरें | बांटने वाली नहीं, समावेशी सरकार बनाने के लिए वोट दें : खरगे की मतदाताओं से अपील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी सरकार बनाने के बारे में सोचना चाहिए जो सभी को सहभागिता प्रदान करे, ना कि विभाजन करे।
नयी दिल्ली, 13 नवंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी सरकार बनाने के बारे में सोचना चाहिए जो सभी को सहभागिता प्रदान करे, ना कि विभाजन करे।
खरगे का यह बयान झारखंड में विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण में 43 सीटों, केरल की वायनाड लोकसभा सीट और 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को हो रहे मतदान के बीच आया है।
खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सभी मतदाताओं से आग्रह है कि वे लोकतंत्र व संविधान को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए अपना बहुमूल्य वोट जरूर डालें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड की जनता को सभी के सामाजिक न्याय, समावेशी विकास व सुशासन एवं जल, जंगल, जमीन व जनजातीय सभ्यता के संरक्षण के लिए वोट देना है, विभाजनकारी ताकतों को राज्य से दूर रखना है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा, ‘‘ईवीएम पर बटन दबाने से पहले आपको सोचना है कि हमें केवल जन-जन का जुड़ाव व भागीदारी सुनिश्चित करने वाली सरकार बनानी है, जनता को बांटने वाली गुमराह करने वाली व ध्रुवीकरण करने वाली सरकार नहीं बनानी है, तभी संविधान के मूल्यों को हम बचा पाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जो हमारे साथी पहली बार मतदान कर रहें हैं, उनका हम स्वागत व अभिनंदन करते हैं। सोच-समझकर अपने अधिकारों का निर्वाह करें।’’
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेरे प्यारे भाइयो और बहनो, कृपया आज मतदान कीजिए। आज आपका दिन है। ऐसा दिन जब आप अपनी पसंद से किसी को चुनते हैं और संविधान द्वारा दिए गए सबसे बड़े अधिकार का इस्तेमाल करते हैं। आइए, मिलकर बेहतर भविष्य बनाएं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासियों के सम्मान के लिए, झारखंड के स्वाभिमान के लिए और आपके जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए लोकतंत्र के इस महान पर्व में उत्साह से भाग लें, बड़ी संख्या में मतदान करें और ‘इंडिया’ को विजयी बनाएं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2024 10:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

