देश की खबरें | अंधेरी पूर्व उपचुनाव में उद्धव के नेतृत्व वाले खेमे को वोट देना राकांपा और कांग्रेस का समर्थन करने जैसा होगा: भाजपा

मुंबई, 16 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी मुंबई की अंधेरी पूर्व विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।

बावनकुले ने रविवार को दावा करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना खेमे को वोट देना राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस का समर्थन करने जैसा ही होगा।

शिवसेना के विधायक रमेश लाटके के निधन के कारण अंधेरी पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। तीन नवंबर को होने वाले इस उपचुनाव में उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना खेमे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना खेमे के बीच सीधा मुकाबला होगा।

रमेश लाटके की पत्नी रुतुजा लाटके ठाकरे खेमा की उम्मीदवार हैं जिन्हें राकांपा और कांग्रेस का समर्थन हासिल है। उनका सामना भाजपा के मुर्जी पटेल से होगा, जिन्हें 'बालासाहेबांची शिवसेना' का समर्थन प्राप्त है। 'बालासाहेबांची शिवसेना' एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी का नया नाम है।

नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने आरोप लगाया कि पिछली महा विकास आघाड़ी सरकार ने अपने ढाई साल के शासन के दौरान राज्य को "धोखा" दिया। बावनकुले ने विश्वास जताया कि अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव में भाजपा जीतेगी।

भाजपा नेता ने कहा, "उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को वोट देने का मतलब राकांपा और कांग्रेस को वोट देना है, जिन्होंने हमारे आदर्श और स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत वी डी सावरकर का लगातार अपमान किया है।"

रवि कांत अमित

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)