देश की खबरें | तेलंगाना में निर्बाध रूप से विकास सुनिश्चित करने के लिए बीआरएस को वोट दें : केसीआर ने लोगों से कहा

हैदराबाद, 23 अगस्त तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने अपनी सरकार द्वारा लागू की जा रहीं कल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित करते हुए बुधवार को कहा कि लोगों को राज्य में निर्बाध रूप से कल्याण और विकास सुनिश्चित करने के लिए एक बार फिर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को चुनना चाहिए।

राव ने मेडक में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर का उद्घाटन करने और अन्य विकास कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री राव ने दावा किया कि उनकी सरकार किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली की आपूर्ति कर रही है, लेकिन विपक्षी दल कांग्रेस का कहना है कि तीन घंटे मुफ्त बिजली की आपूर्ति पर्याप्त है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कृषि पंप सेट पर मीटर लगाने के पक्ष में है।

राव ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने कृषि पंप सेट के लिए मीटर नहीं लगाने के कारण तेलंगाना को 25,000 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, 25,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, हमने (राज्य सरका) इसे सहन किया। मैंने कहा कि हम बिजली मीटर नहीं लगाएंगे, भले ही मेरी जान चली जाए। ’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले पड़ोसी राज्य कर्नाटक में बहुत सारे वादे किए लेकिन उसकी सरकार किसानों को केवल सात घंटे बिजली ही उपलब्ध करा रही है।

केसीआर के नाम से मशहूर राव ने 'मिशन भागीरथ', 'रायथु बीमा', किसानों की कर्ज माफी और 'कल्याण लक्ष्मी' समेत अपनी सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना देश का एकमात्र राज्य है, जो मिशन भागीरथ के तहत 1.03 करोड़ परिवारों को उनके घरों में नल से पानी की आपूर्ति प्रदान करता है।

गौरतलब है कि तेलंगाना में आगामी कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)