एजेंसी न्यूज

COVID-19: देश का वुहान बन सकता है आगरा, मेयर नवीन जैन ने सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार

शहर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने का दावा करते हुए मेयर नवीन जैन ने शहर में कोरोना की स्थिति और जिला प्रशासन की लचर कार्रवाई से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को पत्र लिखकर अवगत कराया है. इस मॉडल की मदद से प्रशासन ने जिले में कोरोना की चेन को तोड़ दिया था.

COVID-19: देश का वुहान बन सकता है आगरा, मेयर नवीन जैन ने सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार
कोरोना वायरस (Photo Credits: IANS)

शहर में कोरोना वायरस (Corona Virus) के मामले बढ़ने का दावा करते हुए मेयर नवीन जैन ने शहर में कोरोना की स्थिति और जिला प्रशासन की लचर कार्रवाई से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को पत्र लिखकर अवगत कराया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पत्र में उन्होंने लिखा है, "मैं बहुत दुखी मन से आप को पत्र लिख रहा हूं कि मेरा आगरा अत्यधिक संकट के दौर से गुजर रहा है. आगरा को बचाने के लिए कड़े निर्णय लेने की आवश्यकता है. स्थिति अत्यधिक गंभीर हो चुकी है. इसलिए मैं आपसे हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं कि मेरे आगरा को बचा लीजिए, बचा लीजिये."

यह भी पढ़ें: COVID-19: अमेरिका में 9 लाख से अधिक संक्रमित, 52 हजार से अधिक लोगों की हुई मौत

महापौर ने यह पत्र 21 अप्रैल को लिखा था जो 25 अप्रैल की रात्रि से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पत्र में मेयर ने आगे लिखा है, ‘‘ आगरा, देश का वुहान बन सकता है. स्थानीय प्रशासन नाकारा साबित हुआ है. ...हॉट स्पाट एरिया में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटरों में कई-कई दिनों तक जांच नहीं हो पा रही. न ही मरीजों के लिए भोजन पानी का उचित प्रबंध हो पा रहा. ...स्थिति विस्फोटक है.’’

इस पत्र में मेयर ने शहर में कोरोना के बिगड़ते हालात और आम जनमानस को होने वाली परेशानी के लिए सीधे-सीधे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराया है. यहां यह जिक्र करना जरूरी है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए तैयार किया गया आगरा मॉडल काफी कारगर साबित हुआ था.

इस मॉडल की मदद से प्रशासन ने जिले में कोरोना की चेन को तोड़ दिया था. खुद स्वास्थ्य विभाग ने आगरा मॉडल की तारीफ करते हुए अन्य राज्यों से इस मॉडल का अनुसरण करने की अपील की थी. यह बीमारी चीन के वुहान शहर से शुरू हुई थी और वहां इस बीमारी का भयानक रूप सामने आया था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2020 12:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).