देश की खबरें | विमान बनर्जी ने राज्यपाल से मुलाकात की, लंबित विधेयकों पर हुई चर्चा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष विमान बनर्जी ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल ला गणेशन से मुलाकात की और लंबित विधेयकों पर चर्चा की।
कोलकाता, 27 जुलाई पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष विमान बनर्जी ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल ला गणेशन से मुलाकात की और लंबित विधेयकों पर चर्चा की।
बनर्जी ने 40 मिनट तक चली बैठक को ‘‘पूरी तरह शिष्टाचार भेंट’’ बताया और कहा कि उन्होंने विधानसभा के मामलों समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमने लंबित विधेयकों के मुद्दे पर चर्चा की...उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह इन्हें अनुमति देने के लिए अपना सर्वोत्तम प्रयास करेंगे।’’
तृणमूल कांग्रेस सरकार और पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बीच कई मुद्दों को लेकर टकराव हुआ, जिनमें विधेयकों की मंजूरी दिए जाने से जुड़े मसले भी शामिल हैं। धनखड़ ने हावड़ा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2021 राज्य सरकार को पुनर्विचार के लिए वापस भेज दिया था।
धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का उम्मीदवार बनने के बाद राज्यपाल पद छोड़ दिया था।
सत्तारूढ़ सरकार ने राज्य द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के कुलपति के तौर पर राज्यपाल के बजाय मुख्यमंत्री की नियुक्ति का विधेयक भी पारित किया था, जिसे राज्यपाल की मंजूरी मिलना बाकी है।
गणेशन मणिपुर के भी राज्यपाल हैं और उन्हें जगदीप धनखड़ के त्यागपत्र के बाद पश्चिम बंगाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बनर्जी ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को विधानसभा में आने का निमंत्रण दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)