देश की खबरें | विजयन की बेटी को विभिन्न कंपनियों से हर महीने करोड़ों रुपये मिलते हैं : कांग्रेस विधायक का दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केरल में ‘‘संगठित लूट’’ और ‘‘संस्थागत भ्रष्टाचार’’ व्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की बेटी तथा उनकी आईटी कंपनी को बिना कोई सेवाएं मुहैया कराए हर महीने विभिन्न कंपनियों से करोड़ों रुपये मिलते हैं।

इडुक्की (केरल), 22 अगस्त कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केरल में ‘‘संगठित लूट’’ और ‘‘संस्थागत भ्रष्टाचार’’ व्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की बेटी तथा उनकी आईटी कंपनी को बिना कोई सेवाएं मुहैया कराए हर महीने विभिन्न कंपनियों से करोड़ों रुपये मिलते हैं।

केरल के मुख्यमंत्री की बेटी टी वीणा के खिलाफ नए सिरे से आरोप लगाते हुए मूवट्टुपुझा से कांग्रेस विधायक ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा कि वीणा तथा उनकी कंपनी को एक प्रतिष्ठान से मिली 1.72 करोड़ रुपये की राशि महज एक छोटा-सा हिस्सा है जबकि असली रकम इससे कहीं अधिक है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विजयन या उनकी बेटी ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

कुझालनदान ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि वीणा तथा उनकी कंपनी को मासिक आधार पर विभिन्न अन्य कंपनियों से भारी रकम मिलती है और उन्होंने वीणा के बचाव में आयी माकपा को इसे खारिज करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, ‘‘फिर मैं उन कंपनियों के नाम का खुलासा करूंगा जिनसे उन्हें पैसा मिला और कितना मिला यह भी बताऊंगा।’’

कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि अगर वीणा के बैंक खातों की जानकारियां दी जाएं तो उन कंपनियों के नाम तथा उनके द्वारा वीणा तथा उनकी कंपनी को हर महीने दी धनराशि का पता चल जाएगा तथा उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ माकपा को ऐसा करने की चुनौती दी।

उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य में संगठित लूट और संस्थागत भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मैं कुछ वक्त से यह कह रहा हूं।’’

साथ ही कांग्रेस नेता ने एक रिजॉर्ट के संबंध में उनके खिलाफ लगे आरोपों पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।

ऐसा आरोप है कि वह इडुक्की जिले के चिन्नाकनाल में एक रिजॉर्ट का संचालन कर रहे हैं, जिसकी कानून के तहत वहां अनुमति नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह आज के इस संवाददाता सम्मेलन का मुद्दा नहीं है। मैं बाद में इनका जवाब दूंगा। मैं कहीं भाग नहीं रहा हूं। मैं यहीं हूं।’’

मलयालम के एक दैनिक अखबार ने हाल में खबर दी थी कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने प्रदान की गई सेवाओं के बहाने वीणा को 2017 से 2020 के बीच 1.72 करोड़ रुपये का "अवैध भुगतान" किया था, लेकिन उनकी (वीणा की) कंपनी ने राशि के बदले में कोई सॉफ्टवेयर समाधान प्रदान नहीं किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\