देश की खबरें | सेना में भर्ती के लिए तैयारी के वास्ते दौड़ लगाने युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सेना में भर्ती होने के वास्ते तैयारी के तहत अपने कार्यस्थल से 10 किलोमीटर दूर स्थित घर तक रात के समय दौड़ लगाते एक युवक के वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।

नोएडा, 21 मार्च सेना में भर्ती होने के वास्ते तैयारी के तहत अपने कार्यस्थल से 10 किलोमीटर दूर स्थित घर तक रात के समय दौड़ लगाते एक युवक के वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।

अल्मोड़ा निवासी प्रदीप मेहरा का वीडियो एक पत्रकार-सह-फिल्म निर्माता विनोद कापड़ी ने बनाया था और इसके सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद, सेना के कई पूर्व अधिकारियों और अन्य लोगों ने युवक के सपने को साकार करने में मदद के लिए कदम बढ़ाया है।

वीडियो में, प्रदीप आधी रात के आसपास शहर की सड़क पर दौड़ता दिखाई दे रहा है, जिसके कंधे पर एक छोटा सा बैग और हाथ में एक मोबाइल फोन है।

रास्ते में कापड़ी द्वारा कार में घर छोड़ने की पेशकश करने पर युवक प्रदीप ने मदद लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वह हर रात सेक्टर-16 (कार्यस्थल) से नोएडा के बरोला स्थित अपने घर तक लगभग 10 किलोमीटर की दौड़ लगाता है ताकि वह सेना में भर्ती होने होने के लिए खुद को तैयार कर सके।

रविवार शाम कापड़ी द्वारा ट्विटर पर साझा की गई क्लिप को 75,000 से अधिक रीट्वीट, 11,000 टिप्पणी और लगभग 2.50 लाख लाइक मिले। तब से इस क्लिप को विभिन्न मशहूर हस्तियों सहित कई अन्य लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।

कापड़ी ने ट्वीट किया, ‘‘कल रात 12 बजे नोएडा रोड पर मैंने इस लड़के को कंधे पर बैग लिए बहुत तेज दौड़ते देखा। मुझे लगा कि वह किसी परेशानी में है और इसलिए उसने उसे एक सवारी की पेशकश की। मैंने उसे बार-बार लिफ्ट देने की पेशकश की लेकिन उसने मना कर दिया। इसका कारण जानकर आपको इस बच्चे से प्यार हो जाएगा।’’

पोस्ट के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रदीप को आर्थिक मदद की पेशकश की, जबकि कई उसके प्रयासों से अभिभूत थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now