नयी दिल्ली, 16 मई उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में 24 प्रवासी श्रमिकों की मौत पर शनिवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि सरकार राहत कार्य में तत्परता से जुटी है।
नायडू ने कहा कि वह लोगों की मौत की खबर से ‘‘अत्यंत दुखी’’ हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘‘मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के औरैया में सड़क दुर्घटना बेहद ही दुखद है। सरकार राहत कार्य में तत्परता से जुटी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उत्तर प्रदेश के औरैया में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम 24 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई और 36 अन्य लोग घायल हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY