देश की खबरें | भगवान रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले साधु संतों की सभी जरूरतों का ख्याल रखेगी विहिप

विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश भर से एक लाख से अधिक साधु-संतों को आमंत्रित किया जाएगा। विहिप उनके भोजन और आवास का ख्याल रखेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विहिप समारोह के लिए अयोध्या आने वाले भक्तों के लिए एक मुफ्त रसोई भी चलाएगी।’’ कुमार ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद श्री राम जन्मभूमि प्रतिष्ठा समारोह को पूरे विश्व में हर्षोल्लास के उत्सव के रूप में मनाएगी।

कुमार ने बताया कि प्रतिष्ठा समारोह से पहले बजरंग दल 30 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 2,281 शौर्य यात्राएं निकालेगा और देश के पांच लाख से अधिक गांवों को जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के दौरान यात्रा मार्गों पर धार्मिक सभाओं का भी आयोजन किया जाएगा।

विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि युवा शक्ति का यह महान अभियान देश में आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का सामना करने के लिए हिंदू समाज में एकता और सामाजिक समन्वय के रूप में संकल्प पैदा करेगा। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठा समारोह के दिन देशभर के मठ-मंदिरों में पूजा, यज्ञ, हवन और आरती की जाएगी। साथ ही हर घर में राम भक्त रात में पांच दीपक जरूर जलाएंगे और करोड़ों भक्तों के बीच प्रसाद भी बांटा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का कार्यक्रम प्रत्येक राम भक्त का कार्यक्रम बनना चाहिए, ताकि न केवल देश में रहने वाले लोग बल्कि विदेश में रहने वाले लोग भी इस महान उत्सव में भाग ले सकें।

कुमार ने कहा कि दिवाली पखवाड़े के दौरान देश के संत भी पद यात्रा करेंगे और गांवों और शहरों में हिंदुओं की बैठक करेंगे। उन्होंने कहा, गांव और युवाओं में मंदिर की प्रतिष्ठा से पहले देश में हिंदू एकता की व्यापक जागृति होगी और समाज एकजुट होगा। सामाजिक समन्वय की संस्था के रूप में इसे युगों-युगों तक याद किया जाएगा।

बैठक में मौजूद सभी विहिप नेताओं ने इस आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने का निर्णय लिया है। इससे पहले बैठक में शामिल होने आए प्रतिनिधियों ने राम जन्मभूमि पर चल रहे सघन निर्माण कार्य का अवलोकन किया और रामलला के दर्शन भी किये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)