देश की खबरें | "बहुत खेद है, हम आपके साथ खड़े हैं": मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने नेहा के पिता से कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को नेहा हिरेमथ के पिता निरंजन हिरेमथ से फोन पर बात की और उनकी बेटी की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिया कि ‘वह उनके साथ खड़े हैं।’
हुबली (कर्नाटक), 23 अप्रैल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को नेहा हिरेमथ के पिता निरंजन हिरेमथ से फोन पर बात की और उनकी बेटी की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिया कि ‘वह उनके साथ खड़े हैं।’
मुख्यमंत्री ने निरंजन हिरेमथ को इस मामले को आपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपने और जल्द सुनवाई होने के लिए एक विशेष अदालत स्थापित करने के सरकार के फैसले से अवगत कराया। नेहा हिरेमथ के पिता हुबली-धारवाड़ नगर निगम से कांग्रेस के पार्षद हैं।
सिद्धरमैया ने हिरेमथ से फोन पर कहा, ‘‘निरंजन...बहुत खेद है। हम आपके साथ खड़े हैं।’’ इस दौरान राज्य के कानून एवं संसदीय मामलों के मंत्री एच. के. पाटिल हिरेमथ के घर में मौजूद थे।
सिद्धरमैया ने पाटिल के फोन पर कॉल कर हिरेमथ से बात की। उन्होंने इस दौरान मामले की जांच सीआईडी को सौंपने और जल्द सुनवाई करने के लिए एक विशेष अदालत की स्थापना करने की जानकारी दी।
सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘यह एक गंभीर अपराध है...एक विशेष अदालत स्थापित करके हम आरोपी को सजा दिलवाएंगे।’’ हिरेमथ ने मामले को सीआईडी को सौंपने और एक विशेष अदालत स्थापित करने के लिए अपने परिवार के शुभचिंतकों और समुदाय की ओर से सिद्धरमैया को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘जल्द से जल्द आदेश सुनिश्चित करें और हमें न्याय प्रदान करें।’’ नेहा के पिता ने पाटिल, राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर, स्थानीय कांग्रेस विधायक प्रसाद अब्बय्या और अन्य को भी उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
हिरमेथ से सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘हम इसे यथाशीघ्र सुनिश्चित करेंगे।’’
नेहा हिरेमथ (23) की 18 अप्रैल को धारवाड़ के बीवीबी कॉलेज परिसर में कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आरोपी फयाज खोंडुनाइक मौके से भाग गया, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नेहा ‘मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन’ (एमसीए) पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष की छात्रा थी और फैयाज पहले उसका सहपाठी रह चुका था।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को घोषणा की थी कि उनकी सरकार ने हुबली में हुई छात्रा की हत्या के मामले की जांच सीआईडी को सौंपने का फैसला किया है। साथ ही मामले का जल्द निपटारा करने के लिए एक विशेष अदालत का गठन किया जाएगा।
इस हत्याकांड को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। सत्तारूढ़ दल ने इसे निजी विवाद के कारण हुई घटना करार दिया जबकि भाजपा ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताया है और कहा है कि ये राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

